बटला हाउस मामले में आज होगी सुनवाई, अमानतुल्लाह ने जताई राहत की उम्मीद

Summary :

2 जून को सुप्रीम कोर्ट ने कार्रवाई पर रोक लगाने से मना किया

दिल्ली के बटला हाउस में डीडीए की बुलडोजर कार्रवाई के खिलाफ आप विधायक अमानतुल्लाह खान ने हाई कोर्ट का रुख किया है। उन्होंने जनहित याचिका पर सुनवाई के लिए आशा जताई है। सुप्रीम कोर्ट ने पहले रोक लगाने से इनकार किया था, लेकिन जुलाई में मामले की सुनवाई हो सकती है।

दिल्ली के ओखला विधानसभा के अंतर्गत बटला हाउस में डीडीए की ओर से बुलडोजर कार्रवाई के खिलाफ आम आदमी पार्टी (आप) विधायक अमानतुल्लाह खान ने हाई कोर्ट का रुख किया है। आप विधायक अमानतुल्लाह खान ने राहत मिलने की उम्मीद जताई है। बटला हाउस विध्वंस मामले पर विधायक अमानतुल्लाह खान ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि हमारी जनहित याचिका आज सुनवाई के लिए सूचीबद्ध है और हमें पूरी उम्मीद है कि राहत मिलेगी। बटला हाउस इलाके में लोग लगभग 50 साल से अधिक समय से रह रहे हैं। 2 जून को सुप्रीम कोर्ट ने डीडीए की कार्रवाई पर रोक लगाने से इनकार कर दिया था। कोर्ट की ओर से कहा गया था कि इस मामले में फिलहाल कोई आदेश जारी नहीं करेंगे। जुलाई माह में इस मामले को लेकर सुनवाई हो सकती है।

इस मामले में आम आदमी पार्टी के विधायक अमानतुल्लाह खान ने कहा था, “आशियाना बनाने में जमाने लग जाते हैं और डीडीए उसे उजाड़ने के लिए सामने आ जाता है। हमें सुप्रीम कोर्ट से राहत मिली है कि जुलाई के पहले सप्ताह में जब भी कोर्ट खुलेगा, इस मामले की सुनवाई नियमित बेंच करेगी। तब तक, जिन लोगों पर विध्वंस का खतरा मंडरा रहा है, उन्हें पीएम-उदय या किसी भी लागू योजना के तहत राहत लेने और तदनुसार अपने व्यक्तिगत आवेदन प्रस्तुत करने की सलाह दी गई है।”

बटला हाउस मुठभेड़ : इंस्पेक्टर की हत्या के लिये अदालत ने आतंकी आरिज खान को सुनाई मौत की सजा

बटला हाउस में यूपी सिंचाई विभाग की जमीनों पर कई अवैध दुकानों को नोटिस भेजा गया है। जानकारी के अनुसार, डीडीए की ओर से 26 मई को नोटिस जारी हुआ था। नोटिस में लोगों को जगह खाली करने के लिए निर्देश दिए गए थे, लेकिन नोटिस के जवाब में लोगों ने विरोध करना शुरू कर दिया। लोगों का कहना है कि उन्हें तुरंत निकालने की साजिश रची जा रही है। जबकि, नोटिस में कम से कम 15 दिन का समय देना चाहिए था।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.