हिमालय के पहाड़ी इलाकों में हुई बर्फबारी ने दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के राज्यों में ठंड बढ़ा दी है। शुक्रवार सुबह दिल्ली-एनसीआर में लोगों ने कंपकंपी महसूस की। मौसम विभाग के मुताबिक यूपी, बिहार, झारखंड और एमपी में आज और कल बारिश की आशंका है, जिसकी वजह से एक बार फिर से लोगों को सर्दी का सितम झेलना पड़ेगा, हालांकि कल की बारिश के बाद आज सुबह दिल्ली में कोहरा छाया हुआ है, अनुमान है कि आज यहां न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस के आस-पास रह सकता है।
मौसम विभाग ने कहा था कि आज और कल यूपी में जमकर बादल बरस सकते हैं, खासकर पश्चिमी इलाके में जमकर बारिश हो सकती है, जिसके कारण अगले 2 दिनों मे लोगों को भीषण ठंड का सामना कर पड़ सकता है। उत्तर भारत में हिमालय के तीनों पहाडी राज्यों जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भारी बर्फबारी हो रही है।
हिमाचल प्रदेश के मनाली में कड़ाके की ठंड के बीच बर्फ गिरने से पर्यटकों और होटल व्यवसायियों के चेहरे खिल गए है। शिमला में कई दिनों की बर्फबारी के बाद सड़कों पर बर्फ की मोटी परत जम गई है। शिमला और मनाली ही नहीं बल्कि नरकंडा, कुफरी और चैल में भी स्नोफॉल से तापमान में भारी गिरावट आई है।

उत्तराखंड में भी मौसम बर्फीला हो गया है। चमोली जिले के औली में बर्फ की मोटी चादर बिछ गई है। औली में रात का तापमान शून्य से नीचे जा चुका है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 1-2 दिन तक बर्फबारी जारी रह सकती है। सिर्फ औली ही नहीं चमोली के बदरीनाथ में भी जमकर बर्फबारी हुई है। बदरीनाथ में विष्णु मंदिर के चारों ओर कई इंच बर्फ जम चुकी है। चमोली के ही हेमकुंठ साहिब और फूलों की घाटी में भी बर्फ गिरी है।

जम्मू कश्मीर में भी बदलते मौसम की वजह से बर्फबारी का दौर शुरू हो गया है। उधमपुर जिले के मशहूर हिल स्टेशन पटनीटॉप पर भी स्नोफॉल हुआ है, जिसके बाद वहा कई इंच तक बर्फ जम गई। इसके अलावा श्रीनगर घाटी और ऊंचाई वाले इलाके जैसे गुलमर्ग औऱ पहलगाम में भी भारी बर्फबारी हुई है। गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान माइनस.6.4 डिग्री दर्ज हुआ। अभी कुछ दिनों तक मौसम इन तीनों राज्यों में यूं ही बना रहेगा जिसका सीधा असर उत्तर भारत के मैदानी राज्यों में होगा।


Download Android App
Download iOS App



