दिल्ली ने वायु प्रदूषण के खिलाफ ऐतिहासिक सफलता हासिल की, कई दिनों तक ‘संतोषजनक’ एक्यूआई दर्ज किया। यह केंद्र और दिल्ली सरकार की समन्वित रणनीति और ठोस नीतियों का परिणाम है। मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने इस उपलब्धि पर खुशी जताई और नागरिकों से प्रदूषण कम करने में योगदान देने की अपील की।
देश की राजधानी दिल्ली ने वायु प्रदूषण के खिलाफ लड़ाई में एक ऐतिहासिक मील का पत्थर हासिल किया है। शहर ने लगातार कई दिनों तक ‘संतोषजनक’ वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) दर्ज किया है। यह महज संयोग नहीं, बल्कि केंद्र और दिल्ली सरकार की समन्वित रणनीति, ठोस राजनीतिक इच्छाशक्ति, दूरदर्शी नीतियों और ज़मीन पर की गई प्रभावी कार्रवाई का परिणाम है। दिल्ली सरकार में मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने इस उपलब्धि पर खुशी जताई। मनजिंदर सिंह सिरसा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “दिल्ली ने इतिहास रच दिया है। पहली बार शहर में लगातार कई दिनों तक ‘संतोषजनक’ एक्यूआई दर्ज हुआ है। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रतिबद्धता, केंद्र और दिल्ली सरकार के संयुक्त प्रयास और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में हुए मार्गदर्शन का प्रतिफल है। सभी नागरिकों से अपील है कि इस परिवर्तन को स्थायी बनाने में योगदान दें। आइए मिलकर प्रदूषण को कम करें और अपने बच्चों के भविष्य के लिए स्वच्छ हवा सुनिश्चित करें।”
उन्होंने लिखा, “बीते 100 दिनों में दिल्ली सरकार के पर्यावरण एवं वन विभाग ने प्रदूषण नियंत्रण और स्वच्छता के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। विभाग द्वारा साझा किए गए आंकड़ों के अनुसार, इस अवधि में कई ठोस कदम उठाए गए हैं। एक दिन में 6,482 किलोमीटर सड़कों की सफाई की गई, जबकि 1,353 किलोमीटर सड़कों पर रोजाना जल छिड़काव किया गया ताकि धूल और प्रदूषण को नियंत्रित किया जा सके। इसके अलावा, 24 घंटे के भीतर 10,942 मीट्रिक टन कचरा हटाया गया और प्रदूषण फैलाने वाले 13,174 वाहनों के चालान किए गए। 20 फरवरी से अब तक 1 लाख मीट्रिक टन से अधिक कचरा साफ किया जा चुका है और 11 लाख किलोमीटर से अधिक सड़कें सफाई अभियान के तहत स्वच्छ की गईं।”
सिरसा ने आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि दिल्ली में हाल के दिनों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) में लगातार सुधार देखा गया है। 13 जून को एक्यूआई 187 (गंभीर) था, जो 14 जून को 156 (खराब) और 15 जून को 140 (खराब) तक कम हुआ। इसके बाद 16 जून को एक्यूआई 111 (मध्यम) और 17 जून को 104 (मध्यम) दर्ज किया गया। 18 जून को यह 81 (संतोषजनक) तक पहुंचा, और 19 जून को एक्यूआई 89 (संतोषजनक) रहा। आज की वायु गुणवत्ता संतोषजनक श्रेणी में है, जिसमें प्रमुख प्रदूषक पीएम 10 है। इसके अलावा, सतही हवा दक्षिण-पूर्व दिशा से 10-15 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से बह रही है।
Delhi में कोरोना वायरस से पहली मौत की पुष्टि
मौसम विभाग के अनुसार, 20 जून को एक्यूआई मध्यम श्रेणी में रह सकता है, जबकि 21 और 22 जून को वायु गुणवत्ता फिर से संतोषजनक रहने की संभावना है। यह सुधार दिल्ली के पर्यावरणीय प्रयासों का सकारात्मक परिणाम दर्शाता है।


Download Android App
Download iOS App



