पश्चिमी दिल्ली : राजधानी दिल्ली के समयपुर बादली इलाके में जम्मू-दिल्ली दुरंतो एक्सप्रेस ट्रेन में लूटपाट करने वाले बदमाशों का अभी तक भी कोई सुराग नहीं लग सका है। आरोपियों की धरपकड़ के लिए जीआरपी और आरपीएफ की ज्वाइंट टीमें गठित कर दी गई हैं। पुलिस पीड़ितों से पूछताछ कर आरोपियों का स्कैच बनाने में जुटी है। हैरानी की बात है कि ट्रेन में करीब 15 मिनट तक हुई लूटपाट में सिर्फ दो शिकायतकर्ता ही सामने आए हैं।
जिनकी शिकायत पर सब्जी मंडी रेलवे पुलिस थाने में लूट का मुकदमा दर्ज है। जबकि बताया जा रहा है कि हथियारबंद बदमाशों ने करीब एक दर्जन से अधिक लोगों से लूटपाट की थी। रेलवे पुलिस अधिकारी की माने तो ट्रेन में लूट की गुत्थी को सुलझाने के लिए जीआरपी और आरपीएफ की करीब आधा दर्जन ज्वाइंट टीमें बनाई गई हैं। पुलिस टीम संदिग्धों का रिकॉर्ड खंगाल रही है और पूछताछ कर रही है।
बदमाशों का रिकॉर्ड भी खंगाल रही पुलिस
पुलिस सूत्रों की माने तो वारदात को बेहद शातिर तरीके से अंजाम दिया गया है। पहले सिक्के से ट्रेन के सिग्नल को फेल किया गया। उसके बाद ट्रेन में चढ़कर बदमाशों ने लूटपाट की। स्पष्ट है कि बदमाशों को सिग्नल फेल करने की ट्रिक मालूम थी। हो सकता है कि वे पहले भी इस तरह की लूट की वारदात को अंजाम दे चुके हों। इसीलिए जीआरपी और आरपीएफ इस तरह की लूट में शामिल रह चुके बदमाशों का रिकॉर्ड भी खंगाल रही है।
रेलवे लाइन के आस-पास पुलिस की नजर
अक्सर रेलवे लाइन के आस-पास झुग्गी में रहने वाले लोग ट्रेन में घुसकर लूटपाट, झपटमारी और पत्थरबाजी की वारदातों को अंजाम देते हैं। पुलिस को आशंका है कि हो सकता है कि कुछ बदमाशों ने मिलकर इस बार बड़ी वारदात को अंजाम देने का प्लान बनाया हो। इसीलिए पुलिस रेलवे लाइन पर सक्रिय बदमाशों से भी पूछताछ कर रही है।
ट्रेन में सुरक्षा को लेकर मीटिंग का दौर
दिल्ली में ट्रेन में लूट की वारदात के बाद से रेलवे व पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है। वारदात के पीछे रेलवे की लापरवाही और आरपीएफ का लूज प्वाइंट बताया जा रहा है। भविष्य में ट्रेनों में ऐसी वारदातें न हों इसी उद्देश्य से शुक्रवार को रेलवे, आरपीएफ व जीआरपी के अधिकारियों की उच्च स्तर पर बैठक हुईं। गौरतलब है कि दुरंतो एक्सप्रेस ट्रेन बुधवार शाम करीब साढ़े सात बजे जम्मूतवी से दिल्ली सराय रोहिल्ला के लिए चली थी।
गुरुवार तड़के करीब 3.20 बजे ट्रेन सिग्नल नही मिलने के कारण समयपुर बादली रेलवे स्टेशन से पहले सूनसान जगह पर रूक गई। तभी कोच बी-3 और बी-7 में चार-पांच हथियारबंद नकाबपोश बदमाश घुसे और यात्रियों की गर्दन पर चाकू रखकर लूटपाट शुरू कर दी। बदमाशों ने यात्रियों से उनके फोन, ज्वैलरी, कैश व कीमती सामान लूट लिया था।


Download Android App
Download iOS App



