दक्षिणी दिल्ली : डाबड़ी स्थित सागरपुर में गुरुवार दोपहर 2 बजे चलती डीटीसी की क्लस्टर बस में आग लग गई। घटना के वक्त बस में खचाखच सवारी भरे हुए थे। गनीमत यह रही कि इससे पहले बस fire की चपेट में पूरी तरह से आता चालक व कंडक्टर ने पूरी बस खाली करा दी। देखते ही देखती बस आग में धू-धू कर जलकर खाक हो गई।
लोगों ने इसकी जानकारी दमकल विभाग को दी। दमकल की चार गाड़ियों ने आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। बस में करीब 50 से 55 सवारी सवार थे। शुरुआती जांच में पुलिस ने बस में आग लगने का कारण शॉट-सर्किट बताया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस के मुताबिक, आरएल 77 रूट की क्लस्टर बस मंगलापुरी से नई दिल्ली रेलवे स्टेशन की ओर जा रही थी।
चालक फिरोज अहमद ने बताया कि डेसू बस स्टैंड से बस थोड़ी ही दूर आगे पहुंची थी तभी बस में धुआं निकलने लगा। यह धुआं इंजन से निकल रहा था। बस में खचाखच सवारी भरी थी। बस की रफ्तार भी तेज थी। इससे पहले कि बस को कहीं रोका जाता आग ने एकाएक तेज रूप ले लिया। अचानक बस में ब्रेक लगाया गया और यात्रियों से नीचे उतरने को कहा गया।
यात्रियों के उतरते ही देखते ही देखते आग की लपटों ने पूरी बस को चपेट में ले लिया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची दमकल की गाड़ियों ने काफी मशक्कत के बाद आग को तो बुझा लिया गया लेकिन तब तक बस का पूरा ढांचा जलकर खाक हो चुका था।


Download Android App
Download iOS App



