मेलबर्न : विश्व के नंबर एक खिलाड़ी नोवाक जोकोविच रिकार्ड सातवें आस्ट्रेलियाई ओपन खिताब की शुरुआत क्वालीफायर के खिलाफ करेंगे जबकि रोजर फेडरर विश्व के 99वें नंबर के खिलाड़ी डेनिस इस्तोमिन से भिड़ेंगे। सर्बियाई जोकोविच ने पिछले साल विंबलडन और यूएस ओपन के खिताब जीते और फिर से दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी बने।
वह आस्ट्रेलियाई ओपन के पहले मैच में क्वालीफायर से भिड़ेंगे और दूसरे दौर में उनका सामना फ्रांस के जो विल्फ्रेड सोंगा से होगा। तीसरी वरीयता प्राप्त फेडरर मेलबर्न में सातवें खिताब के लिये कोर्ट पर उतरेंगे। गुरुवार को डाले गये ड्रा के अनुसार वह इस्तोमिन के खिलाफ शुरुआत करेंगे और सेमीफाइनल में उनका सामना राफेल नडाल से हो सकता है।
दूसरी वरीयता प्राप्त नडाल आस्ट्रेलिया के जेम्स डकवर्थ के खिलाफ पहला मैच खेलेंगे। चौथे वरीय अलेक्सांद्र जेवरेव का सामना स्लोवेनिया एलाइज बेडेने से होगा जबकि पिछले साल के उप विजेता मारिन सिलिच आस्ट्रेलिया के बर्नार्ड टोमिच से भिड़ेंगे। आस्ट्रेलिया के गैरवरीय निक किर्गीयोस का सामना कनाडा के मिलोस राओनिच से होगा जबकि स्टैन वावरिंका को अर्नेस्ट गुलबिस से भिड़ना पड़ेगा। तीन बार के ग्रैंडस्लैम चैंपियन एंडी मर्रे को पहले दौर में 22वें वरीय राबर्टो बतिस्ता आगुट का सामना करना होगा।


Download Android App
Download iOS App



