नई दिल्ली : गीता कॉलोनी फ्लाईओवर पर रविवार सुबह एक युवक ने यमुना नदी में छलांग लगा दी। यह देखते ही राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। दिल्ली बोट क्लब व दमकल विभाग की टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया। मगर देर शाम तक भी युवक नहीं मिला। अंधेरा होने के कारण देर शाम राहत कार्य रोकना पड़ा। पुलिस अधिकारी के मुताबिक युवक की पहचान गांधी नगर निवासी कपिल शर्मा (35) के रूप में हुई है।
पुलिस को उसकी बाइक फ्लाई ओवर के ऊपर से ही बरामद हो गई है। सोमवार सुबह फिर से राहत कार्य शुरू किया जाएगा। शुरुआती जांच में पता चला है कि युवक आर्थिक तंगी से जूझ रहा था। जिसके चलते उसने यह कदम उठाया। हालांकि पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि युवक के परिजनों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस को मौके से कोई नोट भी नहीं मिला है। जिसके आधार पर इसकी पुष्टि हो सके। कपिल अपने परिवार के साथ गांधी नगर में रहता था। परिवार में पत्नी और दो बच्चे हैं। वह आनंद पर्वत में लोहे का काम करता था।
फ्लाईओवर पर लगा जाम…इस घटना के चलते फ्लाईओवर पर लंबा जाम भी लग गया। लोग अपनी-अपनी गाड़ियां रोककर घटना के बारे में जानने की कोशिश कर रहे थे। जिसकी वजह से फ्लाई ओवर पर लंबा जाम लगा। ट्रैफिक पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद जाम खुलवाया।


Download Android App
Download iOS App



