Independence Day : अगर आपकी कार में सनरूफ है और आप ड्राइविंग के दौरान उससे बाहर निकलकर सड़क और आसपास का नजारा देखने के शौकीन हैं तो सावधान हो जाइए। स्वतंत्रता दिवस से पहले दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों और अभिभावकों से खास अपील की है कि चलती कार की सनरूफ से बाहर निकलकर सफर न करें। पुलिस ने लोगों को आगाह किया है कि सड़क पर थोड़ी सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।
ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि स्वतंत्रता दिवस के आसपास राजधानी में पतंग उड़ाने का चलन बढ़ जाता है। ऐसे में आसमान में उड़ती पतंगों की डोर अचानक सड़क पर आ सकती है। खासकर चाइनीज या प्रतिबंधित मांझा बेहद खतरनाक साबित हो सकता है। अगर कोई व्यक्ति चलती कार की सनरूफ से बाहर निकला हुआ है तो मांझे की चपेट में आने का खतरा और बढ़ जाता है।
एक डोर बुझा सकती है घर का चिराग
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस लोगों को जागरूक करते हुए संदेश दे रही है कि एक पतंग की डोर किसी घर का चिराग बुझा सकती है। इसलिए सड़क पर वाहन चलाते समय सिर्फ ट्रैफिक नियमों का पालन ही नहीं, बल्कि आसपास के संभावित खतरों को लेकर भी सतर्क रहना जरूरी है। अक्सर सड़कों पर ऐसी कारें दिखाई देती हैं, जिनमें बच्चे या अन्य यात्री सनरूफ खोलकर बाहर निकलते हैं। उनके लिए यह कुछ पल की मौज-मस्ती जरूर होती है, लेकिन अचानक सामने आने वाली पतंग की डोर, बिजली के तार या किसी अन्य बाधा से गंभीर हादसा हो सकता है। बच्चों के मामले में खतरा और अधिक बढ़ जाता है।
चाइनीज मांझे पर पुलिस की पैनी नजर
स्वतंत्रता दिवस से पहले दिल्ली पुलिस ने प्रतिबंधित चाइनीज, प्लास्टिक और मेटल-कोटेड मांझे के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। अलग-अलग इलाकों में छापेमारी, पेट्रोलिंग और जांच के दौरान बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित मांझा बरामद किया जा रहा है। पुलिस इसकी बिक्री, भंडारण और इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी कर रही है।
ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि सिर्फ प्रतिबंधित मांझे के खिलाफ कार्रवाई से समस्या पूरी तरह खत्म नहीं होगी। आम लोगों को भी अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। खासकर वाहन चालकों को चलती कार में सनरूफ से बाहर निकलने से बचना चाहिए और बच्चों को भी ऐसा करने से रोकना चाहिए।



Download Android App
Download iOS App




