रांची जाने वाली इंडिगो की एक उड़ान तकनीकी खराबी के कारण शनिवार सुबह उड़ान भरने के एक घंटे के भीतर दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय (आईजीआई) हवाई अड्डे पर लौट आई। विमान में सवार एक यात्री ने बताया कि इंडिगो की उड़ान संख्या 6ई-2172 के पायलट ने बीच हवा में विमान में तकनीकी खराबी की घोषणा की और कहा कि उड़ान आईजीआई हवाईअड्डे पर लौट रही है।
इंडिगो क्रू ने यात्रियों को सूचित किया
यात्री ने एएनआई को बताया, “पायलट ने घोषणा की कि विमान में तकनीकी खराबी है, इसलिए हम वापस दिल्ली हवाई अड्डे जा रहे हैं। उड़ान के दौरान हमें विमान में कंपन महसूस हुआ।” इंडिगो की फ्लाइट ने राष्ट्रीय राजधानी से सुबह करीब 7.40 बजे उड़ान भरी और 8.20 बजे वापस लौटी। इंडिगो क्रू ने यात्रियों को सूचित किया कि उक्त ऑपरेशन के लिए दूसरे विमान की व्यवस्था की जा रही लेकिन इसमें कुछ समय लगा।
आपातकालीन लैंडिंग
उक्त घटना पर एयरलाइन की ओर से तत्काल कोई बयान नहीं आया। इससे पहले शुक्रवार को दिल्ली जाने वाले एक विमान के एक इंजन में खराबी के कारण उसे पटना में आपातकालीन लैंडिंग करनी पड़ी थी। दिल्ली जाने वाली इंडिगो की उड़ान 6ई 2433 ने प्रस्थान के तीन मिनट बाद एक इंजन के निष्क्रिय होने की सूचना दी। हवाईअड्डे के अधिकारियों ने कहा था कि विमान सुबह नौ बजकर 11 मिनट पर सुरक्षित उतर गया।


Download Android App
Download iOS App



