नयी दिल्ली : कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर देश के युवाओं को रोजगार के नाम पर धोखा देने का आरोप लगाया और कहा कि देश कठिनाई में हैं लेकिन मोदी मुश्किलों को दूर करने की बजाय ध्यान भटकाने के लिए मुद्दे बदलते रहते हैं। पार्टी अध्यक्ष बनने के बाद कांग्रेस के पहले महाधिवेशन में राहुल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष अमित शाह और वित्त मंत्री अरूण जेटली पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मोदी ने चुनाव के समय बड़े बड़े वादे किए। युवाओं को लगा कि मोदी के साथ देश आगे बढ़ेगा। लेकिन अब पता चल रहा है कि युवाओं ने मोदी की जिस गाड़ी को धक्का देकर आगे बढ़ाया था उस पर ललित मोदी और नीरव मोदी बैठ गए।
राहुल ने कहा कि दावे किए जा रहे हैं कि भारत की अर्थव्यवस्था सबसे तेजी से बढ़ रही है, लेकिन सच्चाई यह है कि देश कठिनाई में है। देश के दर्द को दूर करने की बजाय प्रधानमंत्री मोदी बार बार मुद्दे बदलते रहते हैं। कभी इंडिया गेट योग कराते हैं तो कभी कुछ करते हैं। उन्होंने कहा, ‘‘देश का युवा पूछ रहा है कि बेरोजगारी की समस्या को कैसे हल किया जाए। देश में कांग्रेस इकलौता ऐसा संगठन है जो इस समस्या को दूर कर सकती है। दूसरा कोई संगठन इस काम को नहीं कर सकता।’’ जीएसटी को अपने चिर परिचित अंदाज में ‘गब्बर सिंह टैक्स’ करार देते हुए राहुल ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय सर्वेक्षण में इसे सबसे अधिक दर वाली कर व्यवस्था कहा गया है।
24X7 नई खबरों से अवगत रहने के लिए यहां क्लिक करें ।


Download Android App
Download iOS App



