गांधी नगर में नकली नोटों का अंतरराज्यीय नेटवर्क बेनकाब

Summary :

Gandhi Nagar News : गांधी नगर मार्केट में कपड़े खरीदकर कथित तौर पर नकली नोट चलाने वाले एक आरोपी से शुरू हुई जांच दिल्ली पुलिस को बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल के मालदा तक ले गई। गांधी नगर थाना पुलिस ने अंतरराज्यीय नकली करेंसी नेटवर्क का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, मामले में 500 रुपये के कुल 187 नकली नोट बरामद या डिटेक्ट हुए हैं, जिनकी फेस वैल्यू 93,500 रुपये है। आरोपियों के मोबाइल फोन से नकली करेंसी से जुड़े संदिग्ध डिजिटल साक्ष्य और खरीदारी के बिल भी मिले हैं। डीसीपी राजेंद्र प्रसाद…

Gandhi Nagar News : गांधी नगर मार्केट में कपड़े खरीदकर कथित तौर पर नकली नोट चलाने वाले एक आरोपी से शुरू हुई जांच दिल्ली पुलिस को बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल के मालदा तक ले गई। गांधी नगर थाना पुलिस ने अंतरराज्यीय नकली करेंसी नेटवर्क का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, मामले में 500 रुपये के कुल 187 नकली नोट बरामद या डिटेक्ट हुए हैं, जिनकी फेस वैल्यू 93,500 रुपये है। आरोपियों के मोबाइल फोन से नकली करेंसी से जुड़े संदिग्ध डिजिटल साक्ष्य और खरीदारी के बिल भी मिले हैं। डीसीपी राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया कि आरोपियों को इंस्पेक्टर रॉबिन सिंह के नेतृत्व में एसआई विकास और एसआई अनिल कुमार की टीम ने गिरफ्तार किया है।

बैंक में जमा रकम से खुला राज

पुलिस के मुताबिक, मामले की शुरुआत 22 अगस्त को हुई। गांधी नगर स्थित कोटक महिंद्रा बैंक की महिला कॉलोनी शाखा में नफीस अहमद नामक ग्राहक ने 90 हजार रुपये जमा कराए थे। रकम की जांच के दौरान 500 रुपये के 18 नकली नोट मिले। इनकी कुल फेस वैल्यू 9 हजार रुपये थी। पूछताछ में नफीस ने बताया कि 21 अगस्त को दानिश नाम का व्यक्ति उसकी दुकान पर आया था और करीब 17,200 रुपये के कपड़े खरीदे थे। भुगतान नकद में किया गया था।
अगले दिन नफीस ने पुलिस को सूचना दी कि वही व्यक्ति दोबारा गांधी नगर मार्केट में आया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय सूचना के आधार पर 35 वर्षीय मोहम्मद दानिश को पकड़ लिया।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दानिश ने कथित तौर पर बताया कि झारखंड के चतरा निवासी गुड्डू से उसने 10 हजार रुपये की असली करेंसी देकर 30 हजार रुपये फेस वैल्यू की नकली करेंसी ली थी। इसके बाद वह गांधी नगर मार्केट में छोटी-छोटी खरीदारी कर नकली नोट चलाता था। इस संबंध में गांधी नगर थाने में मामला दर्ज किया गया।

बिहार से मिले 169 नकली नोट

दानिश से मिले सुराग के आधार पर पुलिस टीम बिहार के बोधगया पहुंची। स्थानीय पुलिस की मदद से 26 अगस्त को कथित सप्लायर मोहम्मद मेराज उर्फ गुड्डू (36) को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उसके बैग से 500 रुपये के 169 नकली नोट बरामद हुए, जिनकी फेस वैल्यू 84,500 रुपये थी। जांच के दौरान मेराज ने कथित तौर पर मालदा के कालिया चौक में सक्रिय ‘मामा उर्फ छोटू’ और ‘भैया जी’ नाम के लोगों से नकली करेंसी खरीदने की बात बताई। पुलिस के अनुसार, करीब 60 हजार रुपये की असली करेंसी देकर लगभग 1.50 लाख रुपये फेस वैल्यू की नकली करेंसी लेने का दावा किया गया है। पुलिस इन दोनों की भूमिका और नकली नोटों के वास्तविक स्रोत की जांच कर रही है।

Sumant Chaudhary