दिल्ली की एक अदालत ने मंगलवार को प्रवर्तन निदेशालय को पूर्व वित्त मंत्री पी चिदंबरम से आईएनएक्स मीडिया धनशोधन मामले के सिलसिले में पूछताछ की इजाजत दे दी। विशेष न्यायाधीश अजय कुमार कुहाड़ ने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की चिदंबरम से पूछताछ की अर्जी को कबूल कर लिया।
चिदंबरम आईएनएक्स मीडिया भ्रष्टाचार मामले में 17 अक्टूबर तक न्यायिक हिरासत में हैं। सीबीआई ने मामला दर्ज किया था। कुहाड़ ने कहा कि एजेंसी चिदंबरम से बुधवार को तिहाड़ जेल में पूछताछ कर सकती है और जरूरत पड़ने पर उन्हें गिरफ्तार कर सकती है। अदालत ने कहा कि ईडी की रिमांड का आवेदन इस समय थोड़ा जल्दबाजी वाला है।
अदालत के आदेश के बाद ईडी ने चिदंबरम से राउज एवेन्यू अदालत परिसर में उपलब्ध किसी जगह पर पूछताछ की अनुमति मांगी। हालांकि अदालत ने कहा, ‘‘यह इस व्यक्ति के सम्मान के लिहाज से ठीक नही है कि आप उनसे पूछताछ करें और यहां सार्वजनिक रूप से गिरफ्तार करें।’’ अदालत ने ईडी को बुधवार को तिहाड़ जेल जाने तथा चिदंबरम से पूछताछ की अनुमति दे दी जहां कांग्रेस नेता को रखा गया है। जरूरत पड़ने पर उन्हें गिरफ्तार करने की भी अनुमति एजेंसी को दे दी गयी।


Download Android App
Download iOS App



