आम आदमी पार्टी के संजय सिंह ने आज राज्यसभा में दिल्ली में सीलिंग के कहर का मुद्दा उठाते हुए इसे खत्म करने के लिए सरकार से कानून बनाने की मांग की। सिंह ने शून्यकाल में यह मुद्दा उठाते हुए कहा कि दिल्ली में सीलिंग से लाखों व्यापारियों पर सीलिंग का कहर ढाया जा रहा है।
इससे उनकी दुकानों में काम करने वाले कर्मचारी, मजदूर, उनका सामान ढोने वाले रिक्शा चालक आदि भी प्रभावित हुए हैं। इन व्यापारियों ने अब तक चार हजार करोड़ रुपये कन्वर्जन रेट की मद में जमा भी किये हैं। इसके बावजूद उनकी दुकानें सील की जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि इनमें से कई दुकानें मुगलकाल और अंग्रेजों के जमाने से चांदनी चौक, सदर बाजार, गांधी बाजार आदि में चल रही हैं। इसी दिल्ली में सारे सांसद, नौकरशाह रहते हैं और सबने इन दुकानदारों के कारण ही दिल्ली का नमक खाया है, इसलिए व्यापारियों की समस्याएं सुलझायी जानी चाहिए।
संजय सिंह ने कहा कि जिस तरह केंद्र ने जल्लीकट्टू के लिए कानून बनाया था, उसी तरह इन व्यापारियों को सीलिंग से बचाने के लिए एक कानून बनाया जाना चाहिए ताकि ‘पकौड़ ठेले’ की योजना को लागू किया जा सके। ये व्यापारी तो पहले से ही नोटबंदी और जीएसटी नोटबंदी से परेशान हैं, अब सीलिंग की मार से उनका रोजगार ही छीना जा रहा है।
देश और दुनिया का हाल जानने के लिए जुड़े रहे पंजाब केसरी के साथ।


Download Android App
Download iOS App



