झारखंड में सोमवार देर रात नक्सलियों ने रेल की पटरी उड़ा दी है, जिससे रात से ही गिरिडीह-धनबाद-गया रेलखंड के चेंगड़ो हाल्ट मार्ग पर ट्रेनों का परिचालन बाधित है। अप-डाउन की सभी ट्रेनें जहां की तहां रोक दी गईं। कुछ ट्रेनों का रूट डायवर्ट किया गया है। मौके पर फोर्स रवाना हो गई है। इस घटना को नक्सलियों के दो दिन के बंद से जोड़कर देखा जा रहा है।
नक्सली वारदात पारसनाथ-हजारीबाग रोड के बीच चौधरी बांध के अप स्टाटर सिग्नल और चेगरो के डाउन एडवांस सिग्नल पर हुई। यहां लगातार दो धमाके हुए। पहला धमाका रात 10:45 तथा दूसरा 10:47 बजे हुआ। धमाके इतने तीव्र थे कि अप-डाउन की दोनों पटरियां करीब डेढ़ से दो मीटर टूट गई हैं। आस-पास के इलाकों में इसकी आवाज सुनी गई।
ट्रैक उड़ाने के कुछ ही देर पहले धनबाद-लुधियाना एक्सप्रेस गुजरी थी। इस ट्रेन को नक्सलियों द्वारा उड़ाने की सााजिश थी। नक्सलियों ने 16 और 17 अक्टूबर को बिहार-झारखंड बंद का आह्वान किया है। माओवादी आईपीएस अमरजीत बलिहार की हत्या में दोषी पाए गए दो नक्सलियों को फांसी की सजा सुनाए जाने का विरोध कर रहे हैं।
जीसी सेक्शन के अप और डाउन दोनों लाइनों पर परिचालन बाधित है। हजारीबाग और पारसनाथ के बीच स्थित चेरो स्टेशन के चौधरी बांध के पास यह घटना हुई है। रेलवे ने एहतियात के तौर पर भी कई ट्रेनों को रोक दिया है। गंगा दामोदर, कालका एक्सप्रेस ट्रेन समेत आधा दर्जन ट्रेनें जहां-तहां फंसी हुई हैं।आरपीएफ और जीआरपी अलर्ट मोड पर है।
धनबाद रेल मंडल के अधिकारी घटना स्थल के लिए रवाना हो गए हैं। गंगा दामोदर एक्सप्रेस का रूट बदला गया है। यह ट्रेन अब गया की बजाय आसनसोल हो कर पटना के लिए रवाना की गई है। ट्रेन संख्या 2816 और 2308 सहित आधा दर्जन ट्रेनें धनबाद, गोमो और गया स्टेशन पर खड़ी हैं।


Download Android App
Download iOS App



