‘जंतर-मंतर पर न जाएं’, DU के बाद JNU ने छात्रों के लिए जारी की एडवाइजरी

Summary :

जंतर-मंतर पर चल रहे प्रदर्शनों को लेकर दिल्ली विश्वविद्यालय के बाद अब जवाहरलाल नेहरू यूनिवर्सिटी (जेएनयू) ने भी छात्रों के लिए एडवाइजरी जारी की है। जेएनयू ने अपने 'एक्स' हैंडल पर पोस्ट कर छात्रों को 'जिम्मेदारी से काम लेने' और 'व्यक्तिगत सुरक्षा को प्राथमिकता' देने की सलाह दी है।

जंतर-मंतर पर चल रहे प्रदर्शन को लेकर दिल्ली विश्वविद्यालय के बाद अब जवाहरलाल नेहरू यूनिवर्सिटी (जेएनयू) ने भी अपने छात्रों के लिए एडवाइजरी जारी कर दी है। जिसमें छात्रों को प्रदर्शन और सभाओं से दूर रहने की सलाह दी है। इसके साथ ही JNU ने अपने एक्स हैंडल से पोस्ट कर कहा है कि कृपया सोशल मीडिया पर जिम्मेदारी से काम लें।

JNU ने एडवाइजरी में क्या कहा?

यूनिवर्सिटी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि “JNU के एकेडमिक समुदाय से जुड़े सभी लोगों को सलाह दी जाती है कि वे ज़िम्मेदारी से काम लें और अपनी निजी सुरक्षा को प्राथमिकता दें। सार्वजनिक प्रदर्शनों के बारे में भारत के माननीय सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुसार, आपसे अनुरोध है कि आप नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर या उसके आस-पास होने वाली सभाओं में शामिल न हों और न ही वहां जाएं।”

इसके साथ ही यूनिवर्सिटी ने छात्रों को चेतावनी देते हुए कहा कि “कृपया सोशल मीडिया पर ज़िम्मेदारी से व्यवहार करें। नियमों का उल्लंघन करने पर लागू कानूनों के तहत कानूनी कार्रवाई हो सकती है और साथ ही यूनिवर्सिटी के आचार संहिता (code of conduct) के तहत अनुशासनात्मक कार्रवाई भी की जा सकती है।

दिल्ली यूनिवर्सिटी ने भी जारी की थी एडवाइजरी

JNU से पहले गुरुवार को दिल्ली यूनिवर्सिटी (DU) ने भी इसी तरह की एडवाइजरी जारी की थी। इसमें छात्रों और फैकल्टी से जंतर-मंतर पर चल रहे प्रदर्शन और सभाओं में शामिल न होने की अपील की गई थी। इसके साथ ही चेतावनी दी गई थी कि सभा में शामिल होने वालों पर अधिकारियों और कानून लागू करने वाली एजेंसियों की तरफ से सीधी कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।

यूनिवर्सिटी ने लिखा कि “ऐसी गतिविधियों से छात्रों की व्यक्तिगत सुरक्षा को गंभीर खतरा हो सकता है और उनकी पढ़ाई-लिखाई की प्रगति और करियर के अवसरों पर भी बुरा असर पड़ सकता है। इसलिए, सभी छात्रों से आग्रह है कि वे जंतर-मंतर से दूर रहें और अपनी सुरक्षा तथा कानून का पालन करने को प्राथमिकता दें। साथ ही, आपको सावधानी बरतने की सलाह दी जाती है क्योंकि स्थिति को भड़काने के लिए काफी मात्रा में नकली और गुमराह करने वाली जानकारी बनाई और फैलाई जा रही है।”

Also Read: बिना इस्तीफे के वांगचुक ने क्यों खत्म की भूख हड़ताल? जानिए 26 दिन बाद अनशन तोड़ने की वजह

Bhawana Rawat

भावना रावत पिछले 2 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। राजनीति, विदेश, क्राइम की खबरें लिखने में रुचि है। दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्यूनिकेशन की पढ़ाई पूरी की है। वर्तमान में पंजाब केसरी दिल्ली में हिन्दी सब-एडिटर के तौर पर काम कर रही हैं।