जेएनयू हिंसा: CM केजरीवाल के आवास पर AAP नेताओं और मंत्रियों ने की बैठक

Summary :

जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय में छात्रों पर हुए हमले को लेकर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आवास पर आप नेताओं और मंत्रियों ने सोमवार को बैठक की।

जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय में छात्रों पर हुए हमले को लेकर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आवास पर आप नेताओं और मंत्रियों ने सोमवार को बैठक की। पार्टी के वरिष्ठ नेता संजय सिंह ने बताया कि जेएनयू परिसर में उत्पन्न हो रही गंभीर स्थिति पर चर्चा करने के लिए बैठक की गई। 
उन्होंने कहा, “छात्रों और प्रोफेसरों पर हमला शर्मनाक है। यह भारत की राजधानी में हो रहा है। देश देख रहा है। हम दुनिया को क्या संदेश दे रहे हैं?” संजय सिंह ने केन्द्र से तत्काल कार्रवाई करने और दिल्ली शांति बहाल करने की अपील की। 
गौरतलब है कि जेएनयू परिसर में रविवार रात उस वक्त हिंसा भड़क गयी थी, जब लाठियों से लैस कुछ नकाबपोश लोगों ने छात्रों तथा शिक्षकों पर हमला कर दिया था और परिसर में संपत्ति को नुकसान पहुंचाया था जिसके बाद प्रशासन को पुलिस को बुलाना पड़ा था। इस हमले में जेएनयू छात्र संघ की अध्यक्ष आइशी घोष सहित कई लोग घायल हुए, जिन्हें एम्स में भर्ती कराया गया। हालांकि उन्हें सोमवार सुबह अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। 

Desk Team