नयी दिल्ली : पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने आज कहा कि ऐसे समय में जब हमारा लोकतंत्र कुछ‘‘ झटके महसूस कर रहा है’’, पत्रकारों को इसकी रक्षा और संविधान में निहित मूल्यों को बढ़ावा देने के लिये खड़ा होना चाहिए। वह आज यहां एक पुरस्कार समारोह में बोल रहे थे। सिंह ने कहा, ‘‘ लोकतंत्र को बरकरार रखने के लिये विचार बेहद जरूरी हैं और ऐसे समय में जब हमारे लोकतंत्र को यहां- वहां कुछ झटके महसूस हो रहे हैं तब पत्रकारों के लिये यह जरूरी है कि वे हमारे संविधान में निहित मूल्यों की रक्षा और उन्हें बढ़ावा देने के लिये खड़े हों।’’
उन्होंने कहा कि मीडिया को हर हाल में लोकतांत्रिक मूल्यों का समर्थन और उन्हें सुदृढ़ करना चाहिये। वरिष्ठ पत्रकार करन थापर को जीके रेड्डी स्मृति पुरस्कार देते हुये सिंह ने लोकतंत्र में मीडिया की भूमिका पर बल दिया और कहा कि चौथे स्तंभ को विचारों की निष्पक्षता को बढ़ावा देने के लिये अपनी स्वतंत्रता का इस्तेमाल करना चाहिए।
हमारी मुख्य खबरों के लिए यह क्लिक करे।


Download Android App
Download iOS App



