कर्नाटक चुनाव में सोशल मीडिया के जरिए ‘क्लीन पॉलिटिक्स विद आईएनसी’ (कांग्रेस के साथ साफ-सुधरी राजनीति) अभियान शुरू करने वाली कांग्रेस आने वाले समय में इस मुहिम को राष्ट्रीय स्तर पर ले जाएगी।
कांग्रेस ने राज्य में भाजपा के ‘दागी उम्मीदवार’ बी. श्रीरामुलू के खिलाफ चुनाव मैदान में उतरे अपने उम्मीदवार के लिए सीधे जनता से चंदा लेने के मकसद से यह अभियान शुरू किया है।
दरअसल, चित्रदुर्ग जिले में मोलाकालमुरू विधानसभा सीट पर भाजपा उम्मीदवार श्रीरामुलू के खिलाफ कांग्रेस ने 33 वर्षीय पीएचडी शोधार्थी योगेश बाबू को उम्मीदवार बनाया है। पार्टी ने बाबू के लिए 28 लाख रुपये का चंदा इकट्ठा करने के मकसद से सोमवार को यह ऑनलाइन अभियान शुरू किया। बुधवार सुबह तक पार्टी के पास करीब साढ़े सात लाख रुपये आ गए थे।
कांग्रेस की सोशल मीडिया टीम के एक प्रमुख सदस्य ने ‘भाषा’ को बताया, ‘‘कर्नाटक में भाजपा के दागी उम्मीदवार श्रीरामुलू के खिलाफ लड़ रहे योगेश बाबू के लिए हमने यह अभियान शुरू किया। इसके लेकर लोगों की प्रतिक्रिया उत्साहजनक है। कर्नाटक चुनाव के बाद हम इस ऑनलाइन मुहिम को राष्ट्रीय स्तर पर ले जाएंगे।’’
उन्होंने कहा, ‘‘आज के समय में इंटरनेट और सोशल मीडिया की पहुंच अखिल भारतीय स्तर पर हो चुकी है। साफ-सुथरी राजनीति के लिए सीधे जनता से चंदा लेने की मुहिम को लोगों का जरूर समर्थन मिलेगा।’’
दरअसल, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने ‘क्लीन पॉलिटिक्स विद आईएनसी’ अभियान के समर्थन में कल ट्वीट कर कहा था, ‘‘कर्नाटक में लड़ाई स्पष्ट है. यह स्वच्छ राजनीति बनाम गन्दी राजनीति की लड़ाई है। माफिया बनाम जनता का मुकाबला है।’’
उन्होंने कहा, ‘भाजपा की ओर से भ्रष्ट रेड्डी गैंग को उतारा गया है. हम अपने उम्मीदवार को चुनावी खर्चे के लिए खुद पैसे मुहैया करा रहे हैं। अपना योगदान देकर हमारे उम्मीदवार की मदद करें।’’
24X7 नई खबरों से अवगत रहने के लिए क्लिक करे।


Download Android App
Download iOS App



