दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को कोविड-19 की संभावित तीसरी लहर की तैयारियों और ऑक्सीजन प्रबंधन व आईसीयू बिस्तर सहित इससे जुड़ी विभिन्न तैयारियों को लेकर गठित दो समितियों के साथ बैठकें की।
सरकार ने कोविड-19 की संभावित तीसरी लहर से निपटने और प्रबंधन के तरीके को सुझाने के लिए 27 मई को आठ सदस्यीय ‘विशेषज्ञ समिति’ का गठन किया था।
मुख्यमंत्री कार्यालय ने ट्वीट किया, ‘‘दूसरे देशों के अनुभव बताते हैं कि हमें कोरोना की संभावित तीसरी लहर से सावधान रहते हुए उसके लिए पहले से तैयारियां करनी होंगी। इसी के मद्देनज़र आज माननीय मुख्यमंत्री श्री अरविंद केजरीवाल जी ने विशेषज्ञ समिति के साथ बैठक की। समिति के साथ कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई।’’
बाद में केजरीवाल ने 13 सदस्यीय ‘तैयारी समिति’ के साथ भी बैठक की जिसका गठन संभावित तीसरी लहर के लिए कार्य योजना तैयार करने के लिए किया गया है।
मुख्यमंत्री कार्यालय ने एक अन्य ट्वीट में बताया, ‘‘कोरोना की संभावित तीसरी लहर को लेकर आज विशेषज्ञ समिति की बैठक के बाद माननीय मुख्यमंत्री श्री अरविंद केजरीवाल जी ने तैयारी समिति के साथ भी बैठक की। ऑक्सीजन मैनेजमेंट हो या फिर आईसीयू बेड्स की व्यवस्था, ऐसे कई मोर्चों पर सरकार की तैयारियां शुरु हो चुकी हैं।’’


Download Android App
Download iOS App



