नई दिल्ली : विपक्ष के नेता विजेन्द्र गुप्ता ने शुक्रवार को कहा कि केजरीवाल सरकार दिल्ली जल बोर्ड में व्याप्त भ्रष्टाचार के चलते शक्तिशाली पानी टैंकर माफिया को ध्वस्त करने में पूरी तरह विफल रही है। दिल्ली जल बोर्ड के 900 और अवैध रूप से लगभग 2000 अवैध पानी के टैंकर चल रहे हैं, लेकिन साढ़े चार वर्ष के कार्यकाल में भ्रष्ट और लाचार दिल्ली सरकार मात्र दो अवैध टैंकरों के विरुद्ध ही कार्रवाई कर पाई है।
दिल्ली जल बोर्ड की वेबसाइट ठप्प पड़ी है। इसमें वाटर टैंकरों के बारे में जानकारी उपलब्ध नहीं है। मुख्यमंत्री केजरीवाल से मांग की है कि वे अविलंब टैंकर माफिया पर लगाम लगाएं। दिल्ली जल बोर्ड की वेबसाइट पर टैंकर संबंधी जानकारी अपडेट करें। यह सुनिश्चित करें कि विभिन्न इलाकों में सक्रिय टैंकरों की अनुसूची और इलाके में जाने का समय ऑनलाइन और मोबाइल फोन पर उपलब्ध हो।
निजी टैंकरों के लिए सरकार दिशा-निर्देश तय करे और सुनिश्चित करे कि इनका सख्ती से पालन हो। नेता विपक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री व दिल्ली जल बोर्ड के अध्यक्ष अरविंद केजरीवाल की नाक के नीचे टैंकर माफिया फल-फूल रहा है। गुप्ता ने बताया कि दिल्ली जल बोर्ड के अपने आंकड़ों के अनुसार सप्लाई चेन में 47 प्रतिशत पानी अपने गंतव्य स्थान तक नहीं पहुंच पाता है। इसमें टैंकर माफिया का बहुत बड़ा हाथ है।


Download Android App
Download iOS App



