दिल्ली में केजरीवाल सरकार की ओर से गुरुवार को डीजल का दाम घटाने पर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने कहा है कि बार-बार कहने और दबाव बनाने के बाद ऐसा हुआ है। भाजपा की दिल्ली इकाई ने कहा कि बगल के राज्यों में इससे भी डीजल का दाम कम है, ऐसे में केजरीवाल सरकार को आंख खोलने की जरूरत है।
दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष आदेश कुमार गुप्ता ने कहा, “पिछले कुछ महीनों में डीजल के दाम कई बार बढ़े हैं। हमारे बार बार कहने और दबाव बनाने के बाद आज केजरीवाल जी ने इसे कम किया है और इसमें भी दूसरे राज्यों को चुनौती दे रहे हैं। अरविंद केजरीवाल जी जरा आंखें खोलें और जानें कि बगल के राज्यों में यह दाम पहले सी बहुत कम है।”
दरअसल, गुरुवार को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली में डीजल पर वैट की दर को 30 की जगह 16 प्रतिशत करने की घोषणा की। जिससे डीजल का दाम 8.36 रुपये कम होकर 73.64 रुपये हो गया। अभी तक राजधानी में 82 रुपये प्रति लीटर की दर से डीजल बिक रहा है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने डीजल के दाम में हुई इस बड़ी कटौती का गुरुवार को ऐलान किया। उन्होंने कहा कि कारोबारियों ने उनसे कई बार डीजल का दाम घटाने की मांग की थी। दिल्ली में कारोबार को पटरी पर लाने के लिए डीजल का दाम कम करने का फैसला किया गया।
उधर, जब आम आदमी पार्टी ने दिल्ली में डीजल का दाम कम करने को सरकार के बड़े कदम के रूप में सोशल मीडिया पर प्रचारित करना शुरू किया तो भाजपा भी क्रेडिट लेने में शामिल हो गई। दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष आदेश कुमार गुप्ता ने कहा कि भाजपा के दबाव बनाने के बाद केजरीवाल सरकार ने इसे कम किया। हालांकि बगल के राज्यों में पहले से ही दाम कम हैं।


Download Android App
Download iOS App



