नई दिल्ली : दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष विजेंद्र गुप्ता ने दिल्ली की महिलाओं के लिए डीटीसी बस यात्रा फ्री करने पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल अपनी राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं को पूरा करने के लिए दिल्ली के भविष्य को दरकिनार कर रहे हैं। वह केवल लोक-लुभावन वादे कर दिल्ली को बर्बाद करने पर तुले हुए हैं और साथ ही दिल्लीवासियों के स्वाभिमान पर भी गहरी चोट दे रहे हैं।
गुप्ता ने कहा कि एक तरफ तो देश के लोकप्रिय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश को पांच ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने का वादा कर तरक्की के नये आयाम रचने को प्रेरित कर रहे हैं और दूसरी तरफ दिल्ली के मुख्यमंत्री विकास करने के बजाए टैक्स के पैसे को फ्री की योजनाएं में बांटकर विकास को रोक रहे हैं। इस तरह न केवल दिल्ली का विकास रुक जाएगा, बल्कि दिल्ली की जनता के स्वाभिमान को भी ठेस पहुंचेगी।उन्होंने कहा कि केजरीवाल देशभर में भाजपा की लगातार हो रही जीत से डरे हुए हैं।
इसलिए वे बरसाती मेंढक की तरह केवल चुनावी मौसम में मुख्यमंत्री निवास से निकलकर आए हैं और जनता को भ्रमित करने वाले वादे कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने महिलाओं के लिए डीटीसी बसों में फ्री सेवा की तो घोषणा कर दी है, लेकिन पहले तो डीटीसी बसों की संख्या बढ़ाएं जिससे सभी स्थानों पर बसों की कनेक्टिविटी हो। सभी स्थानों तक जब बसों की पहुंच ही नहीं होगी तो फ्री सफर करने का कोई लाभ कैसे ले पाएगा।
गुप्ता ने कहा कि दिल्ली की जनता सब जानती है। ये वादे केजरीवाल द्वारा चुनाव में फायदे के लिए किए जा रहे हैं। ऐसे समय में केजरीवाल जी जितनी चाहे फ्री की घोषणाएं कर लें, लेकिन अब दिल्ली की जनता केजरीवाल सरकार को दिल्ली से उखाड़ फेंकने का मन बना चुकी है।


Download Android App
Download iOS App



