West Delhi Crime News : पश्चिम विहार वेस्ट स्थित मियांवाली नगर इलाके में कथित तौर पर एक युवक ने अपनी मुंहबोली बहन के लिव इन पार्टनर को गोली मार दी। पीड़ित निहाल खान (32) के कान पर गोली लगने के बाद उसे गंभीर हालत में नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
डीसीपी (आउटर) विक्रम सिंह ने बताया कि पुलिस ने इस बाबत हत्या की कोशिश के तहत केस दर्ज कर वारदात में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों की पहचान सागर (26) पुत्र सुभाष सिंह और पीयूष (23) पुत्र हंस राज के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि निहाल एक तलाकशुदा महिला के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहा है, जिसे एक आरोपी अपनी मुंहबोली बहन मानता था। आरोपी ने खुलासा करते हुए बताया कि वह इस रिश्ते को पसंद नहीं करता था। निहाल को सबक सिखाने के लिए उसने वारदात को अंजाम दिया।
डीसीपी ने बताया कि निहाल खान एकता एन्क्लेव इलाके में ही रहता है और जूतों का कारोबार करता है। शाम करीब 4:28 बजे बाइक सवार दो लोगों ने उसकी कनपटी पर गोली मार दी। निहाल को उपचार के लिए संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उसका उपचार जारी है। पुलिस केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपियों की निहाल से रंजिश थी। निहाल एक तलाकशुदा महिला के साथ लिवइन में था। एक आरोपी महिला को अपनी मुंहबोली बहन मानता हैं। वह दोनों के इस रिश्ते के खिलाफ था। इसी बात पर उसका निहाल से विवाद चला आ रहा था।
पुलिस ने तफ्तीश के दौरान वारदात में शामिल दोनों आरोपियों सागर (26) और पीयूष (23) की जानकारी जुटाई और दोनों को गिरफ्तार कर लिया। डीसीपी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ पश्चिम विहार वेस्ट थाने में बीएनएस की धारा 109(1)/3(5) और आर्म्स एक्ट की धारा 25/27 के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर फायरिंग में इस्तेमाल हथियार और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।


Download Android App
Download iOS App




