Malviya Nagar Fire Incident : मालवीय नगर स्थित फ्लोरिश स्टे होटल में हुए अग्निकांड मामले में गिरफ्तार किए गए कुक केशव सिंह नेगी की गिरफ्तारी के विरोध में रविवार को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन किया गया। उत्तराखंड लोक मंच के बैनर तले आयोजित इस प्रदर्शन में दिल्ली में रह रहे उत्तराखंड मूल के लोगों ने भाग लिया और मामले में गिरफ्तार होटल कुक केशव सिंह नेगी को न्याय दिलाने तथा निष्पक्ष जांच की मांग उठाई।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि अग्निकांड मामले में केशव सिंह नेगी को बिना पर्याप्त तथ्यों के आरोपी बनाकर “बलि का बकरा” बनाया जा रहा है। उनका कहना था कि घटना की वास्तविक जिम्मेदारी तय करने के लिए व्यापक और निष्पक्ष जांच आवश्यक है। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने दिल्ली पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मामले की पारदर्शी जांच की मांग की।
“गहन और पारदर्शी जांच जरूरी”
लोगों ने कहा कि आग जैसी गंभीर घटनाओं में फायर सेफ्टी मानकों, सुरक्षा प्रबंधों और संबंधित नियमों के पालन की गहन जांच की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी की लापरवाही हुई है तो उसकी जिम्मेदारी केवल एक कर्मचारी पर नहीं डाली जा सकती, बल्कि होटल प्रबंधन और अन्य जिम्मेदार पक्षों की भूमिका की भी जांच होनी चाहिए। प्रदर्शन कर रहे संजय सिंह ने कहा कि जांच पूरी होने तक किसी भी व्यक्ति को दोषी न ठहराया जाए और सभी तथ्यों को सामने लाकर निष्पक्ष कार्रवाई की जाए।
उन्होंने कहा कि न्याय सुनिश्चित करने के लिए मामले के हर पहलू की गहन और पारदर्शी जांच जरूरी है। प्रदर्शन के दौरान यह भी चेतावनी दी गई कि यदि केशव सिंह नेगी को जल्द राहत नहीं मिली और निष्पक्ष जांच नहीं कराई गई तो उत्तराखंड होटल एसोसिएशन के सदस्य भी आंदोलन में शामिल होकर व्यापक विरोध प्रदर्शन करेंगे। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि उनका उद्देश्य किसी दोषी को बचाना नहीं, बल्कि निर्दोष व्यक्ति के साथ न्याय सुनिश्चित करना है।
यह भी पढ़ें : केंद्रीय सूचना आयोग का CBSE को निर्देश, RTI के तहत उपलब्ध कराए जानकारी


Download Android App
Download iOS App




