पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि उनकी सरकार पेट्रोल और डीजल की कीमतों में प्रति लीटर एक रूपए की कटौती करेगी। उन्होंने केंद्र से कहा कि ईंधन की कीमतों पर वह सेस कम करे।
बनर्जी ने राज्य सचिवालय में संवाददाताओं से कहा, ‘‘ फिलहाल हमने पेट्रोल और डीजल पर प्रति लीटर एक-एक रूपए कम करने का फैसला किया है। हम केंद्र सरकार से मांग करते हैं कि वह डीजल और पेट्रोल पर सेस कम करने के बारे में विचार करे।’’
राज्य वित्त विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार मंगलवार मध्यरात्रि से ईंधन के ये मूल्य लागू होंगे। तृणमूल सुप्रीमो ने आरोप लगाया कि भाजपा नीत केंद्र सरकार ने उत्पाद शुल्क में नौ गुना वृद्धि कर दी जबकि वैश्चिक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतें घट रही हैं।
ममता ने मोदी सरकार पर बोला हमला , कहा – BJP हत्या की राजनीति का सहारा ले रही है
बनर्जी ने कहा कि केंद्र सरकार आम आदमी के बारे में नहीं सोच रही है। उन्होंने कहा, ” केंद्र सरकार पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतें बढ़ा रही है और यह वित्तीय ‘कुप्रबंधन’ है। हमारी सरकार ने इन वर्षों में कभी भी बिक्री कर या सेस नहीं बढ़ाया।”
मुख्यमंत्री ने इशारा किया कि जिन राज्यों में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं, उन्होंने भी ईंधन की कीमतें घटाई हैं। राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने रविवार को पेट्रोल और डीजल के वैट पर चार फीसदी कमी की घोषणा की है। इसके बाद राज्य में ईंधन की कीमतों में प्रति लीटर 2.5 रुपये की कमी आएगी।
आंध्र प्रदेश सरकार ने भी सोमवार को पेट्रोल और डीजल पर प्रति लीटर दो रुपये की कमी की घोषणा की है। बनर्जी ने कहा कि पश्चिम बंगाल सरकार प्रत्येक साल 48,000 करोड़ रुपये का ऋण केंद्र सरकार को चुका रही है। कोई भी अन्य राज्य इतनी राशि का ऋण केंद्र सरकार को अदा नहीं कर रहा है।


Download Android App
Download iOS App



