नयी दिल्ली : दिल्ली मेट्रो के तमाम उपायों के बावजूद स्टेशनों पर खुदकुशी की घटनाएं बंद नहीं हो रही हैं। मंगलवार सुबह राजीव चौक स्टेशन पर 45 वर्षीय व्यक्ति ने ट्रेन के आगे कथित रूप से कूद कर खुदकुशी कर ली। पुलिस ने बताया कि घटना सुबह के व्यस्त समय के दौरान हुई। इस वजह से द्वारका को नोएडा से जोड़ने वाली ब्लू लाइन पर सेवा 15-20 मिनट प्रभावित रही। पुलिस ने कहा कि उन्हें सुबह नौ बजकर 34 मिनट पर घटना के बारे में सूचना मिली। अधिकारियों ने बताया कि शहर के सिरसापुर इलाके के रहने वाले प्रमोद कुमार ने नोएडा सिटी सेंटर की ओर जाने वाली ट्रेन के आगे कूद कर आत्महत्या की।
पुलिस उपायुक्त (दिल्ली मेट्रो) दिनेश गुप्ता ने बताया कि उन्हें लेडी हार्डिंग अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अधिकारियों ने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है। पुलिस के एक आला अफसर ने कहा कि कुमार रोहिणी के ईएसआई अस्पताल में काम करते थे लेकिन कुछ वक्त पहले उन्होंने नौकरी छोड़ दी थी। अधिकारी ने बताया कि उनकी पत्नी पांच साल उनसे अलग हो गई थीं। उनकी कोई संतान नहीं है और वह अकेले रहते थे। वह फिलहाल बेरोजगार थे और अपनी भविष्य निधि निकालने के लिए नोएडा जा रहे थे।


Download Android App
Download iOS App



