North East District Crime News : नॉर्थ ईस्ट डिस्ट्रिक्ट के जाफराबाद इलाके में इंस्टाग्राम पर किए गए कथित अभद्र कमेंट को लेकर हुए विवाद में 19 वर्षीय युवक की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान अमरोहा निवासी साहिल (19) के रूप में हुई है। पुलिस ने वारदात के महज चार घंटे के भीतर मुख्य आरोपी और उसके करीब 15 वर्षीय नाबालिग साथी को पकड़ लिया। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया है।
डीसीपी राहुल अलवाल ने बताया कि रविवार रात करीब 10:15 बजे जाफराबाद थाना पुलिस को जेपीसी अस्पताल से सूचना मिली कि चाकू लगने से घायल एक युवक को अस्पताल लाया गया है। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस के मुताबिक, मृतक साहिल चौहान बांगर स्थित एक पाउडर कोटिंग फैक्टरी में काम करता था और वहां रहता था। जांच में सामने आया कि वारदात में उसका सहकर्मी भी शामिल था। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर घटनास्थल से फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाए और आरोपियों की तलाश शुरू की।
जांच के दौरान मिले सुरागों और तकनीकी निगरानी के आधार पर पुलिस टीम ने मुख्य आरोपी साहिल (21) और उसके नाबालिग साथी को करीब चार घंटे के भीतर पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि वह मृतक के साथ करीब तीन साल से काम कर रहा था। इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी।
दोस्त के साथ मिलकर दिया वारदात को अंजाम
पुलिस के अनुसार, आरोपी मृतक द्वारा इंस्टाग्राम पर की गई कथित अभद्र टिप्पणी से नाराज था और इसी को लेकर उसके मन में रंजिश बनी हुई थी। रविवार रात दोनों के बीच इसी मुद्दे को लेकर विवाद बढ़ गया। आरोप है कि आरोपी ने अपने नाबालिग दोस्त के साथ मिलकर साहिल पर चाकू से हमला कर दिया।
गंभीर रूप से घायल साहिल को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल चाकू बरामद कर लिया है। नाबालिग आरोपी को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया जा रहा है। पुलिस वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।



Download Android App
Download iOS App




