Guwahati Wife Murder Case: असम के गुवाहाटी से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां हाटीगांव इलाके के बसिष्ठपुर बाइलेन में 25 वर्षीय महिला का शव मिलने के बाद हड़कंप मच गया। मृतका की पहचान नूनमती निवासी रिया तालुकदार के रूप में हुई है। पुलिस को शक है कि इस वारदात में उसके पति रामानुजन गोस्वामी का हाथ हो सकता है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस ने बताया कि रिया तालुकदार फैंसी बाजार के एसी मार्केट इलाके में एक बुटीक में नौकरी करती थी। बताया गया है कि रिया के माता-पिता अब इस दुनिया में नहीं हैं और परिवार में उसका एक भाई ही है। शुरुआती जांच में पुलिस को पता चला है कि सोमवार को रिया और उसके पति के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। दोनों के बीच काफी देर तक बहस हुई। इसके बाद रामानुजन रात करीब 8 बजे घर से बाहर चला गया। इसके बाद से उसकी गतिविधियों को लेकर पुलिस जांच कर रही है।
पत्नी का सिर काट के फ्रिज में रखा
वारदात का पता मंगलवार को तब चला, जब आसपास रहने वाले लोगों को घर से तेज बदबू महसूस हुई। पड़ोसियों को किसी अनहोनी का शक हुआ तो उन्होंने पुलिस को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घर की तलाशी शुरू की। तलाशी के दौरान पुलिस को महिला का शव मिला। इसके बाद हत्या की पूरी घटना सामने आई।
पुलिस की शुरुआती जांच में हत्या की भयावह तस्वीर सामने आई है। पुलिस के मुताबिक, महिला की हत्या करने के बाद उसके शव के साथ भी क्रूरता की गई। आरोप है कि हत्या के बाद रिया का सिर धड़ से अलग कर दिया गया था।पुलिस का कहना है कि सिर को काले पॉलीथीन बैग में डालकर फ्रिज के अंदर छिपाया गया था। इसके अलावा महिला की उंगलियां काटे जाने की बात भी शुरुआती जांच में सामने आई है। इस घटना ने इलाके के लोगों को झकझोर कर रख दिया है।
24 से 48 घंटे पहले हत्या की आशंका
पुलिस का शुरुआती अनुमान है कि महिला की हत्या शव मिलने से करीब 24 से 48 घंटे पहले की गई होगी। हालांकि, हत्या किस समय और किस परिस्थिति में हुई, इसकी सही जानकारी जांच के बाद ही सामने आएगी।
फिलहाल पुलिस हत्या के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है। पति के साथ हुए विवाद को भी जांच का अहम हिस्सा माना जा रहा है। पुलिस यह भी पता कर रही है कि वारदात के समय घर में कौन मौजूद था और हत्या के बाद आरोपी ने क्या किया।
पति की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस को रिया के पति रामानुजन गोस्वामी पर शक है। उसका पैतृक घर गौरीपुर में बताया गया है। घटना के बाद से पुलिस उसकी तलाश कर रही है। लेकिन, अभी तक हत्या की वजह और आरोपी की भूमिका को लेकर आखिरी निष्कर्ष सामने नहीं आया है।
पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है और घटनास्थल से जरूरी सबूत जुटाए जा रहे हैं। महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (GMCH) भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस की आगे की जांच से हत्या के समय, कारण और घटना से जुड़े दूसरे महत्वपूर्ण सवालों के जवाब मिलने की उम्मीद है।
यह भी पढ़ें: आईआईटी दिल्ली पहुंचे जापान के सांसद, रोबोटिक्स से एआई तक देखी भारत की तकनीकी ताकत



Download Android App
Download iOS App




