नई दिल्ली : दिल्ली में पतंग का मांझा इतना खतरनाक हो चुका है कि मेट्रो तक उसके आगे बेबस है। सच तो यह है कि यह मांझा लोगों की जान ले रहा है। मोटरसाइकिल पर चलने वाले लोगों के लिए यह सबसे अधिक खतरनाक है। रक्षाबंधन के मौके पर दिल्ली में मेट्रो का सफर करने वाले यात्रियों को दोपहर में परेशानी का सामना करना पड़ा। इसकी वजह पतंगों के मांझे के चलते द्वारका से नोएडा और गाजियाबाद के वैशाली के बीच चलने वाली ब्लू लाइन मेट्रो में आई खराबी थी। दोपहर में 2 बजे से लेकर 3:15 तक मेट्रो का संचालन बाधित रहा। इसकी वजह मेट्रो के ओवरहेड इलेक्ट्रिक इक्विपमेंट में पतंगों के मांझे का फंसना था।
सुभाष नगर से राजौरी गार्डन के बीच मेट्रो में यह समस्या आई थी। दिल्ली मेट्रो के इस सबसे बिजी माने जाने वाले रूट पर सफर कर रहे लोगों को करीब 40 मिनट तक का इंतजार करना पड़ा। यात्री स्टेशनों पर फंसे रहे और ट्रेनों पर सवार लोगों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा। दिल्ली मेट्रो में रक्षाबंधन के मौके पर आमतौर पर खासी भीड़ रहती है। मेट्रो सेवा में तकनीकी समस्या आने के दौरान ट्रेनों को लूप में चलाया गया। कीर्ति नगर से नोएडा और वैशाली के बीच मेट्रो चल रही थी।
इसके अलावा दूसरी लाइन पर कीर्ति नगर से जनकपुरी वेस्ट के बीच मेट्रो का संचालन चल रहा था। यही नहीं एक और लूप पर जनकपुरी वेस्ट से द्वारका सेक्टर 21 के बीच भी मेट्रो चलाई जा रही थी। दिल्ली मेट्रो के एक प्रवक्ता ने बताया कि ओवरहेड इलेक्ट्रिक लाइन पर कई जगहों पर बड़े पैमाने पर पतंगों के मांजे फंस गए थे। इनके चलते बाधा आ रही थी और इन्हें मेंटेनेंस टीम ने फिजिकली हटाने का काम किया। इसके बाद सेवा को शुरू किया जा सका।
जुर्माने के खिलाफ कोर्ट में करेंगे शिकायत… तकनीकी समस्या के कारण मेट्रो सेवा में देरी से जहां लोगों को परेशानी हुई वहीं उन्हें जुर्माना भी देना पड़ा। पेशे से एक वकील ने बताया कि वह द्वारका मोड़ से मेट्रो में बैठे थे उन्हें राजीव चौक आना था। इस रूट के लिए 30 रुपये का टोकन दिया गया, लेकिन निर्धारित समय में मेट्रो से बाहर निकल न पाने के कारण उन्हें 10 रुपये का जुर्माना देना पड़ा। मैं इस जुर्माने के खिलाफ कोर्ट में शिकायत करेंगे।


Download Android App
Download iOS App



