पणजी : अस्पताल में भर्ती मनोहर पर्रिकर ने शुक्रवार को भाजपा अध्यक्ष अमित शाह से बात की और यह निर्णय किया गया कि वह गोवा के मुख्यमंत्री पद पर बने रहेंगे। यह बात भाजपा के एक नेता ने बतायी। भाजपा नेता ने कहा, ”मनोहर पर्रिकर ने शाह से बात की और उन्हें राज्य की राजनीतिक स्थिति के बारे में अवगत कराया तथा उन्हें अपने स्वास्थ्य के बारे में भी जानकारी दी। यह निर्णय किया गया कि पर्रिकर मुख्यमंत्री पद पर बने रहेंगे लेकिन हो सकता है कि वह अपने कुछ प्रभार अपने कैबिनेट सहयोगियों को दे दें।”
नेता ने कहा, ”अगले सप्ताह तक सरकार एक व्यवस्था तय करेगी जिसके जरिये पर्रिकर पर से काम के बोझ को कम किया जा सकता है। इसके साथ ही कैबिनेट के दो बीमार चल रहे मंत्रियों पांडुरंग मडकाइकर और फ्रांसिस डिसूजा को बदलने पर भी विचार हो सकता है।”
दोनों मडकाइकर और डिसूजा अस्पताल में भर्ती हैं। इससे पहले दिन में गोवा भाजपा ने अपनी प्रदेश स्तरीय कोर कमेटी की बैठक की। कोर कमेटी ने बाद में पर्रिकर से मुलाकात की। चिकित्सकीय जांच के बाद सात सितम्बर को अमेरिका से लौटे पर्रिकर को गुरूवार शाम को उत्तर गोवा के कैंडोलिम स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।


Download Android App
Download iOS App



