Mayor Inaugurates Bal Vatika : दिल्ली नगर निगम के महापौर प्रवेश वाही ने मंगलवार को प्रशांत विहार के बी-ब्लॉक स्थित निगम प्रतिभा विद्यालय में बाल वाटिका का उद्घाटन किया। स्मार्ट टीवी, दृश्य-श्रव्य संसाधनों और विभिन्न खेल खिलौनों से सुसज्जित यह बाल वाटिका छोटे बच्चों को खेल के माध्यम से सीखने का अवसर उपलब्ध कराएगी। निगम के अनुसार, बाल वाटिका में बच्चों की रुचि और उम्र के अनुरूप गतिविधियों के जरिये सीखने की प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाने का प्रयास किया गया है।
इस अवसर पर उत्तर-पश्चिम क्षेत्र की उपनिदेशक (शिक्षा) राजकुमारी, विद्यालय की प्रधानाचार्या, शिक्षक और अभिभावक मौजूद रहे। महापौर प्रवेश वाही ने कहा कि निगम अपने विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और आधुनिक संसाधन उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि शुरुआती उम्र में बच्चों के लिए सीखने की प्रक्रिया को रोचक बनाना जरूरी है, इसी उद्देश्य से बाल वाटिका तैयार की गई है।
इसके बाद महापौर प्रवेश वाही ने रोहिणी सेक्टर-9 में एरोबिन का लोकार्पण किया। यह पहल संपूर्णा एनजीओ के सहयोग से शुरू की गई है। निगम के मुताबिक, एक एरोबिन में एक बार में करीब 10 किलोग्राम गीले कचरे को जैव कल्चर की मदद से कंपोस्ट खाद में बदला जा सकता है। इससे घर या संस्थान के स्तर पर गीले कचरे के निस्तारण के साथ स्रोत पर ही कचरा अलग करने को बढ़ावा मिलेगा। कार्यक्रम में संपूर्णा की अध्यक्ष शोभा विजेंदर भी उपस्थित रहीं।
महापौर ने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में निगम स्वच्छ भारत के लक्ष्य को आगे बढ़ाने के लिए काम कर रहा है। उन्होंने लोगों से कचरे का उचित पृथक्करण करने और अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने में निगम का सहयोग करने की अपील की।


Download Android App
Download iOS App




