MCD की सबसे ताकतवर समिति की कमान फिर सत्या शर्मा के हाथ, निर्विरोध बनीं अध्यक्ष

Summary :

Delhi Municipal Corporation : दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) की नीतियों, बजट और करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं पर अंतिम मुहर लगाने वाली स्थायी समिति की कमान एक बार फिर भाजपा के हाथों में मजबूत हो गई है। सोमवार को सिविक सेंटर में हुए चुनाव में गौतमपुरी वार्ड से भाजपा पार्षद सत्या शर्मा लगातार दूसरी बार निर्विरोध स्थायी समिति की अध्यक्ष चुनी गईं, जबकि करावल नगर वेस्ट से पार्षद सत्यपाल सिंह निर्विरोध उपाध्यक्ष निर्वाचित हुए। पांच संकल्पों पर रहेगा पूरा फोकस दूसरी बार अध्यक्ष बनने के बाद सत्या शर्मा ने कहा कि उनका पूरा कार्यकाल पांच प्रमुख संकल्पों स्वच्छ दिल्ली, स्वस्थ…

Delhi Municipal Corporation : दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) की नीतियों, बजट और करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं पर अंतिम मुहर लगाने वाली स्थायी समिति की कमान एक बार फिर भाजपा के हाथों में मजबूत हो गई है। सोमवार को सिविक सेंटर में हुए चुनाव में गौतमपुरी वार्ड से भाजपा पार्षद सत्या शर्मा लगातार दूसरी बार निर्विरोध स्थायी समिति की अध्यक्ष चुनी गईं, जबकि करावल नगर वेस्ट से पार्षद सत्यपाल सिंह निर्विरोध उपाध्यक्ष निर्वाचित हुए।

पांच संकल्पों पर रहेगा पूरा फोकस

दूसरी बार अध्यक्ष बनने के बाद सत्या शर्मा ने कहा कि उनका पूरा कार्यकाल पांच प्रमुख संकल्पों स्वच्छ दिल्ली, स्वस्थ दिल्ली, शिक्षित दिल्ली, सुशासन और सशक्त निगम पर केंद्रित रहेगा। उन्होंने कहा कि निगम की प्राथमिकता केवल योजनाएं घोषित करना नहीं, बल्कि उन्हें तय समय सीमा में धरातल पर उतारना होगी।

जनहित के मुद्दों पर होगी खुली चर्चा

उन्होंने कहा कि स्थायी समिति को पहले की तरह स्वस्थ और लोकतांत्रिक चर्चा का मंच बनाया जाएगा। पक्ष और विपक्ष के सभी पार्षदों को अपनी बात रखने का पूरा अवसर मिलेगा तथा जनहित से जुड़े हर विषय पर खुलकर चर्चा के बाद निर्णय लिए जाएंगे। उनका कहना था कि समिति में राजनीतिक टकराव नहीं बल्कि विकास और जनहित सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।

भाजपा के वादों को पूरा करने पर रहेगा जोर

सत्या शर्मा ने कहा कि वर्ष 2022 के निगम चुनाव में भाजपा ने दिल्ली की जनता से जो वादे किए थे, उन्हें पूरा करना उनके कार्यकाल का प्रमुख लक्ष्य रहेगा। पिछले वित्तीय वर्ष के बजट में जिन विकास योजनाओं और जनहित परियोजनाओं की घोषणा की गई थी, उन्हें समयबद्ध तरीके से पूरा कराने पर विशेष जोर दिया जाएगा।

कूड़े के पहाड़ खत्म करने और सफाई व्यवस्था पर फोकस

उन्होंने दावा किया कि दिल्ली में भाजपा की ट्रिपल इंजन सरकार के समन्वित प्रयासों से राजधानी में बदलाव दिखाई दे रहा है। भलस्वा, ओखला और गाजीपुर के कूड़े के पहाड़ लगातार कम हो रहे हैं तथा उन्हें निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरी तरह समाप्त करने की दिशा में काम तेज़ी से चल रहा है। इसके अलावा सफाई व्यवस्था, ठोस कचरा प्रबंधन, पार्कों के विकास, सड़कों के रखरखाव और अन्य नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए भी लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

समय पर वेतन और पारदर्शी निगम बनाने का लक्ष्य

अध्यक्ष ने कहा कि दिल्ली सरकार से समय पर वित्तीय सहायता मिलने के कारण निगम कर्मचारियों को प्रत्येक माह की पहली तारीख को वेतन मिल रहा है। इससे विकास परियोजनाओं और जनहितकारी योजनाओं को भी समय पर पूरा करने में मदद मिली है। उन्होंने अधिकारियों, कर्मचारियों और सभी दलों के पार्षदों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि निगम को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और आत्मनिर्भर संस्था बनाने की दिशा में मिलकर काम किया जाएगा।

Sumant Chaudhary