नई दिल्ली : राजधानी दिल्ली के सभी मेट्रो स्टेशनों पर जल्द ही सभी टिकट काउंटर बंद कर दिए जाएंगे। दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (डीएमआरसी) आने वाले वक्त में सभी मेट्रो स्टेशनों पर टोकन वेंडिंग मशीन (टीवीएम) लगाने की योजना बना रही है, ताकि स्टेशनों को काउंटरलेस बनाया जा सके। रिपोर्ट्स के मुताबिक डीएमआरसी की ओर से इस प्रोजेक्ट पर काम शुरू कर दिया गया है और जल्द ही इसे पूरा कर लिया जाएगा।
डीएमआरसी के प्रवक्ता ने इस बारे में बात करते हुए कहा कि अबतक 118 स्टेशन्स पर मौजूद मैन्युअल टोकन काउंटर्स को 519 टीवीएम से बदला जा चुका है। फिलहाल मेट्रो के कुल 183 स्टेशन्स हैं। तीसरे फेज के पूरे होने के बाद इनकी संख्या 227 हो जाएगी। बता दें कि सबसे पहली टीवीएम 2011 में राजीव चौक स्टेशन पर लगाई गई थी।
डीएमआरसी के मैनेजिंग डायरेक्ट मंगु सिंह ने बताया कि आनेवाले वक्त में जितने भी नए स्टेशन्स बनेंगे उनमें मैन्युअल टोकन काउंटर्स की जगह टीवीएम का इस्तेमाल होगा। उन्होंने आगे कहा, ‘फिलहाल कुछ स्टेशन्स पर मैन्युअल टोकन काउंटर्स है लेकिन आने वाले वक्त में उन्हें भी हटा दिया जाएगा। यह इस बात का हिसाब लगाकर किया जाएगा कि वहां से चढ़नेवाले यात्री मशीनों को कितना इस्तेमाल करते हैं।’ मंगु सिंह ने साफ किया कि वह लोगों को काउंटरलेस की तरफ बढ़ाना चाहते हैं।
24X7 नई खबरों से अवगत रहने के लिए यहाँ क्लिक करें।


Download Android App
Download iOS App



