Jalandhar Road Accident: बर्थडे पार्टी से लौट रहे दो दोस्तों की मौत, फ्लाईओवर पर ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई कार

Summary :

पंजाब के जालंधर में रविवार सुबह एक सड़क हादसे में दो दोस्तों की मौत हो गई। यह हादसा पुलिस लाइन के पास फ्लाईओवर पर हुआ, जब उनकी तेज रफ्तार कार नगर निगम की खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई।

पंजाब के जालंधर में रविवार सुबह सड़क हादसे में दो दोस्तों की मौत हो गई। पुलिस लाइन के पास स्थित फ्लाईओवर पर खड़ी नगर निगम की ट्रैक्टर ट्रॉली से तेज रफ्तार कार की जबरदस्त टक्कर हो गई। इस जबरदस्त भिड़ंत में कार सवार दो की जान चली गई। फिलहाल पुलिस ने दोनों के शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

दोस्त की बर्थडे पार्टी से लौट रहे थे दोनों

जानकारी के मुताबिक, दोनों युवक शनिवार रात को अपने एक दोस्त की बर्थडे पार्टी में गए थे। रविवार सुबह जब वे कार से घर लौट रहे थे, इसी दौरान उनकी कार फ्लाईओवर पर ट्राली से टकरा गई। इसमें दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान मशहूर पंजाबी म्यूजिक कंपनी स्पीड रिकॉर्ड के मालिक दिनेश के बेटे विदित ओलक और पप्पी स्वीट्स के मालिक के बेटे आरव तलवाड़ के रूप में हुई है।

फ्लाईओवर पर खड़ी ट्रॉली से टकराई कार

पुलिस ने बताया कि उन्हें तड़के सुबह करीब 3 बजे हादसे की सूचना मिली थी। मौके पर घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने जब जांच शुरू की, तो पता चला सफाई कर्मचारी फ्लाईओवर पर सफाई कर रहे थे। उन्होंने कूड़ा-कचरा डालने के लिए फ्लाईओवर पर ट्रैक्टर-ट्रॉली खड़ी कर रखी थी और कार BMC चौक से BSF चौक की तरफ फ्लाईओवर जा रही थी, तभी वहां खड़ी ट्रॉली से टकरा गई।

परिजनों ने कानूनी कार्रवाई से किया इनकार

एसएचओ ने हादसे की जानकारी देते हुए बताया कि हादसे से पहले वोक्सवैगन कार में 5 लोग सवार थे। इसमें से बाकी के तीन दोस्त घर जा चुके थे, जबकि विदित ओलाक और आरव तलवार की हादसे में मौत हो गई। मृतकों के परिजनों ने पुलिस को किसी तरह की कानूनी कार्रवाई करवाने से इनकार कर दिया। इसलिए परिजनों को मृतकों का शव सौंप दिया गया है।

Bhawana Rawat

भावना रावत पिछले 2 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। राजनीति, विदेश, क्राइम की खबरें लिखने में रुचि है। दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्यूनिकेशन की पढ़ाई पूरी की है। वर्तमान में पंजाब केसरी दिल्ली में हिन्दी सब-एडिटर के तौर पर काम कर रही हैं।