पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर लक्ष्मी सिंह के निर्देश में डीसीपी सेंट्रल नोएडा और एडीसीपी सेंट्रल नोएडा ने गुम हुए 100 मोबाइल फोन सर्विलांस की मदद से खोजकर उनके स्वामियों को सुपुर्द कर दिया।
सेंट्रल नोएडा के विभिन्न थानों में गुम हुए मोबाइल फोन की शिकायतें दर्ज थीं। मोबाइल फोन अक्सर भीड़भाड़ वाले स्थानों, बाजारों, ऑटो, बसों या सुबह-शाम लोगों के टहलने के दौरान गिर जाते थे या कहीं छूट जाते थे। इन घटनाओं के संबंध में गुमशुदगी दर्ज की गई थी, जिन पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने इन मोबाइल फोनों को सर्विलांस के माध्यम से ट्रैक किया और शुक्रवार को उनके असली मालिकों को वापस लौटाया।
नोएडा पुलिस ने ‘मिशन सहयोग’ के तहत लोगों को यह संदेश दिया, “जो फोन आप उपयोग कर रहे हैं, वो चोरी का है, इसे वापस लौटा दीजिए।” इसके तहत करीब 100 मोबाइल फोन, जो विभिन्न राज्यों जैसे दिल्ली-एनसीआर, राजस्थान, गुजरात और हरियाणा से रिकवर किए गए, नोएडावासियों को वापस किए गए।
डीसीपी शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि इन मोबाइलों को रिकवर करने के लिए पहले नोएडा के सभी थानों में पिछले दो सालों में दर्ज फोन चोरी की शिकायतों को खंगाला गया। इसके बाद, इन फोन के ईएमआई नंबरों के जरिए इनकी लोकेशन ट्रैक की गई और करीब 100 फोन अलग-अलग स्थानों पर मिल गए। इसके बाद, इन मोबाइलों के उपयोगकर्ताओं से संपर्क किया गया और उन्हें बताया गया कि जो फोन वे उपयोग कर रहे हैं, वो चोरी का है और उनके पास कोई कानूनी दस्तावेज नहीं हैं। इसके बाद, कई लोग कूरियर के माध्यम से तो कुछ लोग स्वयं आकर फोन वापस करके चले गए।
उन्होंने आगे बताया कि कुछ मामलों में, जिन लोगों ने फोन वापस करने से इनकार किया, उन्हें कानूनी कार्रवाई का डर दिखाया गया और तब जाकर उन मोबाइलों को लौटाया गया। पिछले महीने भी ‘मिशन सहयोग’ के तहत 200 मोबाइल फोन लोगों को वापस लौटाए गए थे। यह अभियान भविष्य में भी जारी रहेगा और गुम हुए मोबाइलों को उनके असली मालिकों तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे। इस अभियान का उद्देश्य भीड़भाड़ वाले स्थानों, बाजारों, ऑटों, बसों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर खोए हुए मोबाइलों को ट्रैक कर लोगों तक पहुंचाना है।


Download Android App
Download iOS App



