आम आदमी पार्टी (आप) ने गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर अपने मंत्रालयों की किसी उपलब्धि को लोगों के सामने नहीं रखने व दिल्ली में सीलिंग के मुद्दे पर अपनी जनसभा में चुप रहने को लेकर हमला बोला। मीडिया से बातचीत करते हुए आप नेता संजय सिंह ने कहा कि आप ने मोदी से पांच सवाल किए, लेकिन उन्होंने एक भी सवाल का जवाब नहीं दिया।
सांसद ने कहा, ‘बीते रोज मोदी की दिल्ली में रैली थी और उम्मीद के मुताबिक उन्होंने सीलिंग पर एक शब्द नहीं बोला।’ उन्होंने कहा, ‘वह किस तरह के प्रधानमंत्री हैं? वह अपने भाषण में अपने मंत्रालयों की एक भी उपलब्धि नहीं बता सके।’ मोदी ने बुधवार को आप पर हमला बोलते हुए कहा था कि दिल्ली ने ‘नाकामपंथी’ देखा है, जिसने अराजकता पैदा की है।
सिंह ने कहा कि 2019 के लोकसभा चुनावों में काम करने वालों व फर्जी वादे करने वालों के बीच मुकाबला है। उन्होंने कहा, ‘आप एक पार्टी है जो अपने काम से जानी जाती है।
दुनिया ने हमारे काम को देखा है और सराहना की है।’ उन्होंने कहा, ‘एक ऐसी पार्टी जो एक चुने हुए मुख्यमंत्री पर हमला कर रही है और देश में नफरत फैलाने का कार्य कर रही है, वह हम पर (आप पर) अराजकता का आरोप लगा रही है।’ सिंह ने कहा कि मोदी ने 2014 में इसी मैदान से दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा देने का वादा किया था, लेकिन इस बारे में बुधवार को कुछ भी नहीं कहा। आप ने मोदी से सीलिंग मुहिम व दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा देने व दूसरे मुद्दों पर बोलने को कहा।


Download Android App
Download iOS App



