भारत मंडपम में 11 अगस्त से लगेगा MSME Expo , युवाओं को मिलेगा नौकरी देने वाला बनने का मौका

Summary :

MSME Expo : देश के युवाओं को नौकरी मांगने वाला नहीं बल्कि रोजगार देने वाला बनाने के उद्देश्य से 12वां इंडिया इंटरनेशनल एमएसएमई एक्सपो एवं समिट-2026 का आयोजन 11 से 13 अगस्त तक भारत मंडपम, प्रगति मैदान के हॉल नंबर-4 (एफएफ) में किया जाएगा। एमएसएमई डेवलपमेंट फोरम के चेयरमैन रजनीश गोयनका ने कहा कि एमएसएमई क्षेत्र में युवाओं के लिए असीम संभावनाएं हैं और यह एक्सपो उन्हें उद्यमिता की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर देगा। उन्होंने बताया कि एक्सपो में लगभग 300 प्रदर्शनी स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां 1,000 से अधिक उत्पाद एवं सेवाएं प्रदर्शित होंगी। देश-विदेश से 500 से…

MSME Expo : देश के युवाओं को नौकरी मांगने वाला नहीं बल्कि रोजगार देने वाला बनाने के उद्देश्य से 12वां इंडिया इंटरनेशनल एमएसएमई एक्सपो एवं समिट-2026 का आयोजन 11 से 13 अगस्त तक भारत मंडपम, प्रगति मैदान के हॉल नंबर-4 (एफएफ) में किया जाएगा। एमएसएमई डेवलपमेंट फोरम के चेयरमैन रजनीश गोयनका ने कहा कि एमएसएमई क्षेत्र में युवाओं के लिए असीम संभावनाएं हैं और यह एक्सपो उन्हें उद्यमिता की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर देगा। उन्होंने बताया कि एक्सपो में लगभग 300 प्रदर्शनी स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां 1,000 से अधिक उत्पाद एवं सेवाएं प्रदर्शित होंगी। देश-विदेश से 500 से अधिक फोकस बायर्स भाग लेंगे और भारतीय एमएसएमई इकाइयों के साथ बी2बी बैठकें करेंगे। आयोजन के दौरान व्यापार, निवेश, फंडिंग, निर्यात, तकनीक और सरकारी योजनाओं पर 12 से अधिक सम्मेलन एवं तकनीकी सत्र भी आयोजित किए जाएंगे।

राजस्थान पार्टनर स्टेट, कई देशों के प्रतिनिधिमंडल भी होंगे शामिल

रजनीश गोयनका ने बताया कि राजस्थान इस वर्ष पार्टनर स्टेट होगा, जबकि छत्तीसगढ़, मिजोरम और उत्तर प्रदेश अपने ओडीओपी उत्पादों के साथ भाग लेंगे। रूस, इज़राइल, इटली, ब्राज़ील, श्रीलंका, मंगोलिया, न्यूज़ीलैंड और उज़्बेकिस्तान सहित कई देशों के दूतावास और व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल भी शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि एक्सपो में युवाओं को कम ब्याज पर ऋण, स्टार्टअप सहायता, फ्रेंचाइज़ी, डिस्ट्रीब्यूशन, प्लग एंड प्ले फैक्ट्री, स्किल ट्रेनिंग और सरकारी योजनाओं की जानकारी एक ही स्थान पर मिलेगी। एमएसएमई मंत्रालय और एनएसआईसी टूल रूम्स भी लाइव डेमो और प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करेंगे।

दो लाख से अधिक विजिटर्स के पहुंचने की उम्मीद, प्रवेश रहेगा निःशुल्क

समिट में राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, गजेंद्र सिंह शेखावत, हर्ष मल्होत्रा, सांसद बांसुरी स्वराज सहित अनेक केंद्रीय एवं राज्य मंत्री, सांसद और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है। आयोजकों के अनुसार, तीन दिवसीय आयोजन में करीब दो लाख से अधिक व्यापारियों, खरीदारों और विजिटर्स के पहुंचने की उम्मीद है। प्रदर्शनी में प्रवेश पूर्व पंजीकरण पर निःशुल्क रहेगा, जबकि समिट हॉल में प्रवेश केवल पूर्व पंजीकरण के आधार पर होगा।

Sumant Chaudhary