नजफगढ़ को 25 करोड़ की सौगात, 7 विकास कार्यों का शुभारंभ

Summary :

Najafgarh Gets A Gift Of Rs 25 Crore : दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर चल रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत नजफगढ़ विधानसभा क्षेत्र में 25 करोड़ रुपये की लागत से 7 विकास कार्यों का शुभारंभ किया। इन कार्यों के माध्यम से क्षेत्र की अनधिकृत कॉलोनियों में सड़कों और नालियों की स्थिति को बेहतर बनाया जाएगा। साथ ही नजफगढ़ विधानसभा क्षेत्र की 6 अन्य अनधिकृत कॉलोनियों में 33 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाले 10 विकास कार्य पहले से प्रगति पर हैं। क्षेत्र में कुल 58 करोड़ रुपये…

Najafgarh Gets A Gift Of Rs 25 Crore : दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर चल रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत नजफगढ़ विधानसभा क्षेत्र में 25 करोड़ रुपये की लागत से 7 विकास कार्यों का शुभारंभ किया। इन कार्यों के माध्यम से क्षेत्र की अनधिकृत कॉलोनियों में सड़कों और नालियों की स्थिति को बेहतर बनाया जाएगा। साथ ही नजफगढ़ विधानसभा क्षेत्र की 6 अन्य अनधिकृत कॉलोनियों में 33 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाले 10 विकास कार्य पहले से प्रगति पर हैं। क्षेत्र में कुल 58 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से 17 विकास कार्यों पर काम किया जा रहा है। इन कार्यों का मुख्य उद्देश्य क्षेत्रवासियों को बेहतर सड़क, जल निकासी और बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इस अवसर पर दिल्ली के पीडब्ल्यूडी मंत्री श्री प्रवेश साहिब सिंह, नजफगढ़ से विधायक श्रीमती नीलम कृष्ण पहलवान सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

नजफगढ़ के व्यापक विकास पर भी सरकार का फोकस

नजफगढ़ क्षेत्र में सड़क और जल निकासी के साथ-साथ सीवेज प्रबंधन को भी मजबूत करने की दिशा में काम किया जा रहा है। क्षेत्र के लिए 12 डीएसटीपी स्थापित करने की योजना पर भी काम किया जा रहा है। इनकी कुल क्षमता 46.5 एमजीडी होगी और इससे बड़ी संख्या में अनधिकृत कॉलोनियों एवं गांवों को बेहतर सीवेज प्रबंधन की सुविधा मिलने की योजना है। इसके अलावा नजफगढ़ नाले के दोनों किनारों पर सड़क संपर्क को बेहतर करने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है। इससे क्षेत्र में संपर्क और आवागमन को और सुगम बनाने में मदद मिलेगी।

‘विकसित दिल्ली’ का लक्ष्य, विकास हर क्षेत्र तक पहुंचाने का संकल्पः सीएम

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस अवसर पर कहा कि दिल्ली सरकार ‘विकसित दिल्ली’ के लक्ष्य के साथ शहर के हर हिस्से में विकास को गति देने के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार की कोशिश है कि विकास का लाभ केवल चुनिंदा क्षेत्रों तक सीमित न रहे, बल्कि अनधिकृत कॉलोनियों और तेजी से विकसित हो रहे इलाकों में रहने वाले परिवारों तक भी बेहतर सड़क, जल निकासी और अन्य बुनियादी सुविधाएं पहुंचें। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत शुरू किए जा रहे ये विकास कार्य दिल्ली के नागरिकों को बेहतर सुविधाएं देने और उनके जीवन को आसान बनाने के सरकार के संकल्प का हिस्सा हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली के विकास के लिए वर्षों से लंबित मास्टर प्लान को आगे बढ़ाया गया है। इसमें गरीबों और किसानों के हितों के साथ-साथ दिल्ली के समग्र विकास को ध्यान में रखा गया है। इससे आने वाले समय में आवास और पुनर्विकास से जुड़े अवसर बढ़ेंगे तथा लोगों के जीवन को अधिक सुविधाजनक बनाने में मदद मिलेगी। उन्होंने यह भी कहा कि दिल्ली में लंबे समय से लंबित सर्किल रेट के रिवीजन पर सरकार ने काम पूरा कर लिया है और जल्द ही इसे लागू किया जाएगा।

मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर से बनेगी विकसित दिल्ली: प्रवेश

दिल्ली के पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने देश के सामने ‘विकसित भारत’ का संकल्प रखा है और इसी संकल्प के अनुरूप दिल्ली को आधुनिक एवं विकसित दिल्ली बनाना सरकार की प्राथमिकता है। विकसित दिल्ली की नींव मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर और बेहतर नागरिक सुविधाओं पर टिकी है। नजफगढ़ में सड़क, ड्रेनेज और जलभराव जैसी वर्षों पुरानी समस्याओं के समाधान के लिए 17 विकास कार्यों पर काम आगे बढ़ रहा है। सरकार का लक्ष्य है कि नजफगढ़ का इंफ्रास्ट्रक्चर क्षेत्र की बढ़ती जरूरतों के अनुरूप मजबूत हो और स्थानीय लोगों को बेहतर एवं सुगम सुविधाएं उपलब्ध हों।

Sumant Chaudhary