Narela Property Dealer Murder: दिल्ली के नरेला इलाके में प्रॉपर्टी डीलर की हत्या के मामले में पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। बता दें कि मंगलवार देर रात रोहिणी सेक्टर-24 में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। इस दौरान दो आरोपियों के पैरों में गोली लगी। दोनों को घायल हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस अब उनसे पूछताछ कर हत्या की पूरी साजिश का पता लगाने की कोशिश कर रही है। पुलिस के मुताबिक, रोहिणी स्पेशल स्टाफ को सूचना मिली थी कि नरेला हत्याकांड से जुड़े तीन आरोपी बाइक से सेक्टर-24 इलाके में पहुंचने वाले हैं।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी शुरू कर दी। कुछ देर बाद तीनों बदमाश बाइक पर वहां पहुंचे। पुलिस ने उन्हें रोककर सरेंडर करने के लिए कहा। आरोप है कि बदमाशों ने पुलिस की बात मानने के बजाय गोली चला दी। इसके बाद पुलिस टीम ने जवाबी कार्रवाई की। फायरिंग के दौरान दो बदमाशों के पैरों में गोली लगी और वे जमीन पर गिर गए। पुलिस ने दोनों को मौके पर ही पकड़ लिया। घायल आरोपियों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है। वहीं, तीसरे आरोपी की तलाश और उसे पकड़ने की कार्रवाई जारी है।
3 सितंबर को हुई थी प्रॉपर्टी डीलर की हत्या
मामला दिल्ली के नरेला के बकनेर इलाके का है। यहां 3 सितंबर की सुबह करीब 6:50 बजे 42 वर्षीय प्रॉपर्टी डीलर प्रमोद कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। बताया गया कि प्रमोद कुमार जिम से वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान बाइक पर आए दो हमलावरों ने उन पर कई गोलियां चला दीं। गोली लगने के बाद प्रमोद की मौके पर ही मौत हो गई।
वारदात के बाद पुलिस ने घटनास्थल की जांच की। मौके से करीब 15 खाली कारतूस बरामद किए गए थे। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया था, जिसमें हमलावर वारदात को अंजाम देने के बाद बाइक से भागते दिखाई दिए थे। फुटेज में एक आरोपी के हाथ में पिस्तौल भी नजर आई थी।
हत्या के बाद लोगों ने किया था प्रदर्शन
प्रमोद कुमार की हत्या के बाद उनके परिवार और स्थानीय लोगों में काफी नाराजगी थी। लोगों ने सड़क पर जाम लगाकर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने जांच के लिए चार टीमों का गठन किया था। जांच के दौरान पुलिस को इस हत्याकांड में कुख्यात गैंगस्टर हिमांशु भाऊ के नेटवर्क से जुड़े होने का शक हुआ। पुलिस के अनुसार, हिमांशु भाऊ इस समय विदेश में है और आरोप है कि उसी के इशारे पर हत्या की साजिश रची गई।
गैंगस्टर नेटवर्क की भी हो रही जांच
एनकाउंटर के बाद पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि प्रॉपर्टी डीलर की हत्या की योजना किसने बनाई और इसमें कौन-कौन लोग शामिल थे। पुलिस आरोपियों के आपसी संपर्क, मोबाइल रिकॉर्ड और उनके नेटवर्क की भी जांच कर सकती है।
पुलिस को उम्मीद है कि अस्पताल में इलाज के बाद आरोपियों से पूछताछ में हत्या की साजिश और इसके पीछे मौजूद लोगों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकती है। फिलहाल दोनों घायल आरोपियों का इलाज चल रहा है और तीसरे आरोपी की तलाश की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
यह भी पढ़ें: दिल्ली के ओखला में सिलेंडर ब्लास्ट, 2 लोगों की मौत


Download Android App
Download iOS App




