नई दिल्ली : डीयू के नॉर्थ कैंपस में डॉ. भीम राव अंबेडकर जयंती मनाते हुए सोमवार को साइकिल रैली निकाली। इस दौरान नॉर्थ कैंपस नेशन फर्स्ट, वोटिंग मस्ट के नारों से गूंज उठा। इस दौरान एबीवीपी के कार्यकर्ता लोगों से मताधिकार के प्रयोग की अपील भी की। रैली नार्थ कैंपस के खालसा कॉलेज, एसआरसीसी सहित विभिन्न कॉलेजों के सामने से होकर गुजरी।
इस दौरान एबीवीपी के प्रदेश मंत्री सिद्धार्थ यादव ने कहा कि हमने दिल्ली में विभिन्न जगहों पर डॉ. अंबेडकर की जयंती पर कार्यक्रम आयोजित किए। बाबा साहेब के विचार समाज में व्यवहारिक रूप से क्रियान्वित हो सकें, इसलिए हम सभी को साथ मिलकर प्रयास करने होंगे। समाज में समानता व समरसता की स्थापना से ही एक समृद्ध भारत का सपना साकार हो सकेगा।
वहीं एबीवीपी के राष्ट्रीय सह-संगठन मंत्री श्रीनिवास ने कहा कि एबीवीपी प्रत्येक वर्ष अंबेडकर की जयंती और पुण्यतिथि के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रमों के आयोजन से समाज में जागरूकता का प्रसार करती है। चूंकि इस वर्ष आम चुनाव है, इसलिए देश भर में हम मतदाता जागरूकता अभियान के माध्यम से यह प्रयास कर रहे हैं कि मत प्रतिशत बढ़े और यही हमारी उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि होगी।


Download Android App
Download iOS App



