‘वी सत्या फाउंडेशन’ के नेतृत्व में आयोजित होगा राष्ट्रीय महिला एवं बाल सशक्तिकरण कॉन्क्लेव 2026

Summary :

कॉन्क्लेव में एसिड अटैक सर्वाइवर्स, ब्रेस्ट कैंसर और सर्वाइकल कैंसर सर्वाइवर्स, यौन हिंसा से प्रभावित महिलाओं, तलाकशुदा महिलाओं, जेल से रिहा हुई महिलाओं और विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्धियां दर्ज करने वाली महिलाओं को विशेष रूप से मंच प्रदान किया जाएगा।

Delhi News

नई दिल्ली: राष्ट्रीय स्तर का दो दिवसीय “Women & Child Empowerment Conclave 2026” आगामी 28 एवं 29 नवंबर 2026 को नई दिल्ली के राजघाट स्थित गांधी दर्शन में आयोजित किया जाएगा। वी सत्या फाउंडेशन (V Satya Foundation) के नेतृत्व में होने वाले इस आयोजन का उद्देश्य महिलाओं और बच्चों को सम्मान, समान अवसर, आर्थिक आत्मनिर्भरता और आजीविका के नए माध्यमों से जोड़ना है।

इस राष्ट्रीय कॉन्क्लेव का नेतृत्व वी सत्या फाउंडेशन की संस्थापक एवं उपाध्यक्ष, कर्मण्य, डॉ. नंदिनी महलवाल कर रही हैं। आयोजन को कर्मण्य सर्वहित संस्था (पंजीकृत) के सहयोग से तथा Special Olympics Bharat और HUDCO के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है, जबकि गांधी दर्शन इस कार्यक्रम का वेन्यू पार्टनर है।

सर्वाइवर्स और विशेष आवश्यकता वाले बच्चों को मिलेगा मंच

कॉन्क्लेव में एसिड अटैक सर्वाइवर्स, ब्रेस्ट कैंसर और सर्वाइकल कैंसर सर्वाइवर्स, यौन हिंसा से प्रभावित महिलाओं, तलाकशुदा महिलाओं, जेल से रिहा हुई महिलाओं और विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्धियां दर्ज करने वाली महिलाओं को विशेष रूप से मंच प्रदान किया जाएगा। इसके साथ ही विशेष आवश्यकता वाली बालिकाओं, पैरा एथलीट्स और ऑटिस्टिक बच्चों की भागीदारी भी सुनिश्चित की गई है।

आर्थिक स्वावलंबन, कौशल विकास और रोजगार पर विशेष जोर

आयोजन का मुख्य उद्देश्य केवल औपचारिक सम्मान तक सीमित न रहकर महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए ठोस अवसर देना है। इसके तहत लाइवलीहुड ट्रेनिंग (आजीविका प्रशिक्षण), कौशल विकास, रोजगार से जुड़ाव और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने पर खास ध्यान दिया जाएगा। डॉ. नंदिनी महलवाल ने कहा कि महिला सशक्तिकरण केवल भाषणों या सम्मान देने तक सीमित नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि समाज की वास्तविक शक्ति उस महिला में है जो घर चलाती है, परिवार को संभालती है, संघर्ष करती है और अपने श्रम से समाज बनाती है। उनके अनुसार, हर महिला को उसकी पहचान, गरिमा और आत्मनिर्भरता का अधिकार मिलना चाहिए, और किसी महिला की पहचान उसके संघर्ष या अतीत से नहीं, बल्कि उसकी क्षमता और भविष्य से होनी चाहिए।

दो दिवसीय कार्यक्रम की रूपरेखा और सहयोगी संस्थाएं

दो दिवसीय कॉन्क्लेव के दौरान उद्घाटन समारोह, 15 से अधिक प्रदर्शनी एवं व्यावसायिक स्टॉल, लाइवलीहुड ट्रेनिंग सेशन, अधिवक्ताओं और डॉक्टरों द्वारा परामर्श, सांस्कृतिक कार्यक्रम, सम्मान समारोह, पैरा एथलीट्स शोकेस, Survivors Voices Forum और एक विशेष Inclusive Fashion Show का आयोजन होगा। उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं और संघर्ष से उभरी सर्वाइवर्स के सम्मान के लिए देशभर से नामांकन आमंत्रित किए जा रहे हैं, वहीं इच्छुक व्यक्ति और संस्थाएं स्पॉन्सरशिप, स्टॉल बुकिंग और अन्य सहयोग के जरिए जुड़ सकते हैं।

इस पहल में Brave Souls, India Vision Foundation, Swavalamban Foundation, Himalayan Insurance Brokers Private Limited और Eonmed Telemedicine Private Limited सहित कई संस्थाओं एवं कंपनियों की सहभागिता रहेगी, जिनके माध्यम से प्रशिक्षण, कौशल विकास और रोजगार के अवसर बढ़ाने पर काम होगा। वी सत्या फाउंडेशन का मानना है कि समावेशी समाज का निर्माण तभी संभव है जब हर महिला, हर बच्चा और हर विशेष आवश्यकता वाला व्यक्ति समान अवसर, सम्मान और आत्मनिर्भरता के साथ जीवन जी सके।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौजूद पदाधिकारी व संपर्क विवरण

प्रेस कॉन्फ्रेंस में डॉ. नंदिनी महलवाल (संस्थापक, V Satya Foundation एवं उपाध्यक्ष, कर्मण्य), दीपक मेहलवाल (निदेशक, V Satya Foundation), कृष्ण मित्तल (संस्थापक, कर्मण्य सर्वहित संस्था), वसुधा बलियान (उपाध्यक्ष, कर्मण्य), राहुल कुमार (महासचिव, कर्मण्य), नीलाम्बर मिश्रा (संस्थापक सचिव, कर्मण्य), शुभ मित्तल और कृतिका सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। नामांकन, सहभागिता एवं सहयोग के लिए डॉ. नंदिनी महलवाल (93479 00007) और राहुल कुमार (82796 21101) से संपर्क किया जा सकता है।

Pankhil Verma