80th Independence Day : 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) के अध्यक्ष मनोज कुमार द्विवेदी ने शनिवार को पालिका केंद्र स्थित मुख्यालय में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस दौरान उन्होंने आगामी ब्रिक्स शिखर सम्मेलन को लेकर परिषद के अधिकारियों और कर्मचारियों को पूरी प्रतिबद्धता के साथ तैयारियों में जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर के इस आयोजन के लिए एनडीएमसी को बुनियादी ढांचे, नागरिक सुविधाओं, स्वच्छता और सौंदर्यीकरण सहित सभी व्यवस्थाएं वैश्विक मानकों के अनुरूप सुनिश्चित करनी होंगी।
ध्वजारोहण के बाद उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए मनोज कुमार द्विवेदी ने कहा कि जिस पेशेवर दक्षता और टीम भावना के साथ परिषद ने जी-20 शिखर सम्मेलन की जिम्मेदारियां निभाई थीं, उसी भावना से ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की तैयारियां भी पूरी की जानी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को एनडीएमसी से संबंधित सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरे करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गुणवत्ता, कार्यक्षमता और उत्कृष्टता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं होना चाहिए।
अध्यक्ष ने पिछले वर्ष पूरी की गई परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इनसे परिषद की कार्यान्वयन क्षमता मजबूत हुई है और नागरिक सुविधाओं तथा सार्वजनिक बुनियादी ढांचे में सुधार हुआ है। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से चल रही परियोजनाओं को भी तय समय में पूरा करने और कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने को कहा। ध्वजारोहण से पहले सुरक्षा एवं अग्निशमन कर्मियों ने अध्यक्ष को गार्ड ऑफ ऑनर दिया। अध्यक्ष ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों तथा देश की रक्षा में शहीद हुए सशस्त्र और अर्धसैनिक बलों के जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की।



Download Android App
Download iOS App




