जनता दल (यूनाइटेड) अध्यक्ष नीतीश कुमार ने मंगलवार को प्रशांत किशोर को पार्टी का उपाध्यक्ष नियुक्त किया। इस नियुक्ति से किशोर एक तरह से पार्टी में दूसरे सबसे ताकतवर नेता बन गए हैं। चुनावी रणनीतिकार के रूप में कई पार्टियों के लिए काम कर चुके किशोर हाल ही में बिहार में सत्ताधारी पार्टी में शामिल हुए थे। किशोर को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का करीबी माना जाता है।
जदयू प्रवक्ता के सी त्यागी ने बताया कि किशोर की नियुक्ति से पार्टी को अपना जनाधार व्यापक बनाने में मदद मिलेगी। प्रशांत किशोर ने कुछ समय पहले ही जदयू राज्य कार्यकारणी की बैठक में नीतीश कुमार के समक्ष जेडीयू की सदस्यता ली थी। प्रशांत किशोर ने इस दौरान कहा था कि बिहार से अपनी नई पारी शुरू करते हुए बहुत उत्साहित हैं।
बता दें कि साल 2014 के लोकसभा चुनाव के दौरान प्रशांत किशोर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रणनीतिक सलाहकार थे। वहीं साल 2015 में में बिहार विधानसभा के समय उन्होंने जदयू के लिए भी काम किया था। प्रशांत किशोर इंडिया पॉलिटिकल एक्शन कमेटी के संस्थापक हैं। 2017 में उत्तर प्रदेश और पंजाब विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के लिये काम कर चुके हैं।


Download Android App
Download iOS App



