नूरा-कुश्ती कर रहे सरकार-एलजी : कांग्रेस

Summary :

अजय माकन ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल को पत्र लिख कर कहा है कि दिल्ली वालों को राहत देने के लिए पेट्रोल और डीजल पर वैट कम किया जाए।

नई दिल्ली : दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय माकन ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल को पत्र लिख कर कहा है कि दिल्ली वालों को राहत देने के लिए पेट्रोल और डीजल पर वैट कम किया जाए। पत्र में अजय माकन ने कहा कि दिल्ली सरकार और उपराज्यपाल आपस में नूरा-कुश्ती कर रहे हैं, दिल्ली के लोगों की चिंता किसी को नहीं है।

उन्होंने कहा दिल्ली में प्रति लीटर पेट्रोल पर 27 प्रतिशत वैट की दर व डीजल पर 16.5 प्रतिशत वैट की दरें लागू है जबकि कांग्रेस कार्यकाल में प्रति लीटर पेट्रोल पर वैट की दरें 20 प्रतिशत और डीजल पर 12 प्रतिशत लागू थी। माकन ने अपने पत्र में कहा कि 21 दिसम्बर 2013 को जिस समय कांग्रेस की सरकार के कार्यकाल का आखिरी वर्ष था उस समय दिल्ली के लोगों को प्रति लीटर पेट्रोल पर 14.30 रुपये तथा 6.45 रुपये प्रति लीटर डीजल पर वैट देना पड़ता था। पत्र में माकन ने लिखा है कि 4 अक्टूबर 2018 को आप की सरकार के अन्तर्गत प्रतिलीटर पेट्रोल पर वेट 22.68 रुपये है तथा प्रतिलीटर डीजल पर यह दर 12.45 रुपये है।

मुख्यमंत्रियों ने कहा, ईंधन को जीएसटी दायरे में लाने से राजस्व होगा प्रभावित

जिसका अर्थ यह निकलता है कि दिल्ली के लोगों को एक लीटर पेट्रोल पर 8.38 रुपये तथा एक लीटर डीजल पर 6.00 रुपये ज्यादा देने पड़ रहे है। दिल्ली कांग्रेस की मुख्य प्रवक्ता शर्मिष्ठा मुखर्जी ने माकन द्वारा मुख्यमंत्री को लिखे पत्र को रिलीज करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी ने बार-बार मोदी सरकार को कहा है कि पेट्रोलियम पदार्थो को जीएसटी के अन्तर्गत लाए परंतु उन्होंने ऐसा नहीं किया। जिसका परिणाम यह निकला कि पेट्रोल और डीजल नोएडा तथा हरियाणा में दिल्ली की तुलना में सस्ते है। इस मौके पर वरिष्ठ नेता चतर सिंह मौजूद थे।

Desk Team