JNU हिंसा को पूर्वोत्तर के छात्रों ने बताया क्रूरतापूर्ण, सुरक्षा की मांग की

Summary :

उन्होंने कहा इस तरह की हिंसा किसी भी शिक्षण संस्थान में अस्वीकार्य है।

नयी दिल्ली : नॉर्थ ईस्ट स्टूडेंट्स आर्गनाइजेशन (नेसो) ने जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय के छात्रों और शिक्षकों पर रविवार रात हुए हमले को क्रूरतापूर्ण करार देते हुए मंगलवार को आरोप लगाया कि केंद्र सरकार इस प्रतिष्ठित संस्थान के बेगुनाह छात्रों को सुरक्षा नहीं दे पाई। 
नेसो के सलाहकार समुज्जल कुमार भट्टाचार्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह को जेएनयू में रविवार को हुई हिंसा में शामिल लोगों पर मुकदमा दर्ज कराने के लिए तत्काल कदम उठाने चाहिए। 
उन्होंने यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘यह जेएनयू के बेगुनाह छात्रों पर क्रूरतापूर्ण हमला है और हम इसकी कड़ी निंदा करते हैं। किसी शिक्षण संस्थान में इस तरह की हिंसा अस्वीकार्य है।’’ भट्टाचार्य ने कहा कि पूर्वोत्तर क्षेत्र का छात्र समुदाय जेएनयू के विद्यार्थियों के साथ डटकर खड़ा है। इस संदर्भ में नेसो आठ और नौ जनवरी को क्षेत्र के सभी राज्यों में प्रदर्शन करेगा। 

Desk Team