MCD की समितियों में पुराने चेहरों का दबदबा, मुकेश गोयल की भी एंट्री

Summary :

MCD News : दिल्ली नगर निगम की विशेष, तदर्थ और वैधानिक समितियों के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद के उम्मीदवार तय करने में भाजपा ने बड़े बदलाव के बजाय पुराने चेहरों पर ही भरोसा जताया है। शिक्षा और पर्यावरण प्रबंधन जैसी अहम समितियों में मौजूदा चेहरों को फिर उम्मीदवार बनाया गया है। वहीं हाल ही में भाजपा में शामिल हुए वरिष्ठ पार्षद मुकेश गोयल को नियुक्ति एवं पदोन्नति समिति के अध्यक्ष पद का उम्मीदवार बनाकर पार्टी ने उनके लंबे निगम अनुभव को महत्व दिया है। गुरुवार को नामांकन के अंतिम दिन सिविक सेंटर स्थित निगम सचिव कार्यालय में उम्मीदवारों ने पर्चे…

MCD News : दिल्ली नगर निगम की विशेष, तदर्थ और वैधानिक समितियों के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद के उम्मीदवार तय करने में भाजपा ने बड़े बदलाव के बजाय पुराने चेहरों पर ही भरोसा जताया है। शिक्षा और पर्यावरण प्रबंधन जैसी अहम समितियों में मौजूदा चेहरों को फिर उम्मीदवार बनाया गया है।

वहीं हाल ही में भाजपा में शामिल हुए वरिष्ठ पार्षद मुकेश गोयल को नियुक्ति एवं पदोन्नति समिति के अध्यक्ष पद का उम्मीदवार बनाकर पार्टी ने उनके लंबे निगम अनुभव को महत्व दिया है। गुरुवार को नामांकन के अंतिम दिन सिविक सेंटर स्थित निगम सचिव कार्यालय में उम्मीदवारों ने पर्चे दाखिल किए।

इस दौरान महापौर प्रवेश वाही, उप महापौर डॉ. मोनिका पंत, नेता सदन जय भगवान यादव समेत कई पार्षद मौजूद रहे। शिक्षा समिति में कोई बदलाव नहीं किया गया है। भाजपा ने योगेश वर्मा को दोबारा अध्यक्ष और अमित खरखड़ी को उपाध्यक्ष पद का उम्मीदवार बनाया है। पर्यावरण प्रबंधन समिति के अध्यक्ष पद के लिए संदीप कपूर को फिर मैदान में उतारा गया है, जबकि प्रीति को निर्माण समिति के अध्यक्ष पद का उम्मीदवार बनाया गया है। निगम की राजनीति में करीब 28 वर्ष का अनुभव रखने वाले मुकेश गोयल ने नियुक्ति एवं पदोन्नति समिति के अध्यक्ष पद के लिए नामांकन किया।

भाजपा में शामिल होने के बाद उन्हें महत्वपूर्ण समिति की जिम्मेदारी देने का फैसला राजनीतिक रूप से भी अहम माना जा रहा है। गोयल ने उन पर विश्वास जताने के लिए भाजपा नेतृत्व का आभार जताया। महापौर प्रवेश वाही ने कहा कि समितियों में वरिष्ठ और अनुभवी पार्षदों के साथ युवाओं तथा महिलाओं को उचित प्रतिनिधित्व देने की कोशिश की गई है। अनुभव और नए जोश के साथ सभी मिलकर निगम के कामकाज को आगे बढ़ाएंगे।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में निगम दिल्ली को साफ, स्वच्छ और हरित बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। समितियों के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चुनाव उनकी पहली बैठकों में 2 सितंबर को सुबह 10 बजे और 3 सितंबर को सुबह 11 बजे से होगा।

Sumant Chaudhary