यमुना घाट पर बवाल, डीसीपी समेत 8 पुलिसकर्मी घायल

Summary :

मयूर विहार स्थित यमुना घाट पर शुक्रवार शाम विसर्जन कर लौट रहे लोगों ने अंदर आने वाले रास्ते से बाहर न निकलने देने पर बवाल खड़ा कर दिया।

पूर्वी दिल्ली : मयूर विहार स्थित यमुना घाट पर शुक्रवार शाम विसर्जन कर लौट रहे लोगों ने अंदर आने वाले रास्ते से बाहर न निकलने देने पर बवाल खड़ा कर दिया। देखते ही देखते नशे में धुत लोगों ने वहां ड्यूटी कर रहे पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट शुरू कर दी। डीसीपी ईस्ट पंकज कुमार सिंह भी इस मारपीट की चपेट में आ गए। किसी अज्ञात शख्स ने डंडे से उनके मुंह पर हमला कर दिया। इसके अलावा एसएचओ मयूर विहार मनोज कुमार के अलावा छह और पुलिसकर्मियों को भी चोटें आईं हैं। डीसीपी को उपचार के लिए मैक्स अस्पताल, जबकि अन्य घायलों को लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल ले जाया गया।

खबर लिखे जाने तक सभी को उपचार दिया जा रहा था। वहीं जवाबी कार्रवाई में पुलिस की पिटाई से कुछ हुड़दंगियों के घायल होने की खबर थी। जानकारी के मुताबिक, मयूर विहार के यमुना घाट पर सुबह से ही दुर्गा पूजा के बाद मूर्ती विसर्जन के लिए लोगों का तांता लगा हुआ था। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए डीसीपी ईस्ट पंकज कुमार सिंह खुद एसीपी मयूर विहार शोभित सक्सेना समेत अन्य पुलिसकर्मियों के साथ ड्यूटी कर रहे थे। अंदर जाने और बाहर निकलने के लिए अलग-अलग गेट बनाए गए थे। शाम करीब साढ़े पांच बजे साउथ-डिस्ट्रिक्ट के श्रीनिवासपुरी इलाके से आई लोगों की एक टुकड़ी अंदर आने वाले रास्ते से बाहर निकलने का प्रयास करने लगी।

पुलिसकर्मियों ने उन्हें टोका तो वह उग्र हो गए। उन्होंने मारपीट करनी शुरू कर दी। मामले को संभालने पहुंचे डीसीपी के मुंह पर किसी ने डंडे से हमला कर दिया। इसके अलावा एसएचओ समेत अन्य छह पुलिसकर्मी भी मारपीट में घायल हो गए। आरोप है कि सभी पहले से ही लाठी-डंडे अपने साथ लेकर आए थे। महिलाओं ने भी पथराव शुरू कर दिया। हुड़दंगियों ने पुलिस की एक जिप्सी भी फोड़ दी। जवाबी कार्रवाई में कुछ हुड़दंगी भी घायल हो गए।

Desk Team