International Narco-Terror Network Exposed : देखने में आम खाने-पीने की चीजों से भरा एक पार्सल, लेकिन उसके अंदर छिपा था करोड़ों रुपये का नशा और इसके पीछे चल रहा था देश की सुरक्षा से जुड़ा बड़ा खेल। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने कनाडा भेजे जा रहे एक एक्सपोर्ट पार्सल से करीब तीन किलो अफीम बरामद करने के बाद जब इसकी पूरी कड़ी खंगाली तो अंतरराष्ट्रीय नार्को-टेरर नेटवर्क का खुलासा हुआ। जांच में सामने आया कि पंजाब, हरियाणा और राजस्थान तक फैला यह सिंडिकेट विदेश बैठे हैंडलरों के संपर्क में था और कथित तौर पर नशे की कमाई का इस्तेमाल हथियारों और आतंकी गतिविधियों के लिए किया जा रहा था।
क्राइम ब्रांच ने मामले में चार आरोपियों हरदीप सिंह (28), यदविंदर सिंह उर्फ जसन संधू (30), सिमरनजीत सिंह (24) और जीवन सिंह (23) को गिरफ्तार किया है। जांच में नामित खालिस्तानी आतंकी अर्शदीप सिंह उर्फ अर्श डल्ला से कथित संबंध भी सामने आए हैं। पुलिस के मुताबिक, बरामद अफीम की कनाडा में अंतरराष्ट्रीय बाजार कीमत करीब 3.5 करोड़ रुपये आंकी गई है। स्पेशल सीपी एच.जी.एस. धालीवाल के मार्गदर्शन में डीसीपी हर्ष इंदौरा की देखरेख में एसीपी भगवती प्रसाद और इस्पेक्टर अरविंद कुमार के नेतृत्व की टीम ने यह कार्रवाई की है।
पंजाब-हरियाणा-राजस्थान तक क्राइम ब्रांच की छापेमारी
मामला 7 फरवरी को सामने आया, जब क्राइम ब्रांच को सूचना मिली कि दिल्ली से कनाडा भेजे जा रहे एक कूरियर पार्सल में खाने की सामान्य वस्तुओं के बीच मादक पदार्थ छिपाया गया है। टीम ने मोती नगर स्थित कूरियर कंपनी में पहुंचकर पार्सल को विदेश भेजे जाने से पहले रोक लिया। जांच में कार्टन के नीचे चांदी की फॉयल से बनाया गया एक फर्जी तल मिला, जिसके नीचे करीब 2.998 किलो अफीम छिपाई गई थी।
पुलिस ने इसे सिर्फ एक पार्सल की बरामदगी मानकर जांच बंद नहीं की। कूरियर बुक करने वाले से लेकर पैकेज तैयार करने वालों तक की कड़ियां जोड़ी गईं। मोबाइल फोन, डिजिटल बातचीत, बैंक खातों और तकनीकी निगरानी के जरिए नेटवर्क की परतें खुलती गईं। इसके बाद पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में कार्रवाई कर अलग-अलग पार्सल से 921 ग्राम और 1.196 किलो अफीम बरामद की गई। एक आरोपी सिमरनजीत के कब्जे से भी 23 ग्राम अफीम मिली। इस तरह कुल 5.138 किलो अफीम बरामद हुई।



Download Android App
Download iOS App




