नई दिल्ली : जमीन के नीचे 2500 लीटर की क्षमता वाला डीजल टैंक मिलने एवं अन्य अनियमितताओं के आरोप में दिल्ली सरकार ने ग्रेटर कैलाश पार्ट-2 स्थित के आर मंगलम स्कूल के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के आदेश दिये हैं। साथ ही सरकार ने यहां अवैध बोरिंग भी सील कर दिया है। दिल्ली के उपमुख्यमंत्री एवं शिक्षामंत्री मनीष सिसोदिया ने शिक्षा एवं अन्य विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ शुक्रवार को उक्त मामले पर समीक्षा बैठक कर ये आदेश जारी किये। अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित अभिभावकों की शिकायत पर दिल्ली सरकार ने यह कार्रवाई की है।
अब शिक्षामंत्री इस मुद्दे पर सोमवार को अभिभावकों के साथ बैठक करके इस मामले पर चर्चा करेंगे और उन्हें अभी तक सरकार द्वारा स्कूल के खिलाफ की गई कार्रवाई की जानकारी देंगे। इस बारे में उपमुख्यमंत्री सिसोदिया ने बताया कि गत 16 अप्रैल की रात बच्चों के अभिभावक उनसे मिले। सिसोदिया ने चिंता जाहिर की कि के आर मंगलम स्कूल में भारी मात्रा में अवैध निर्माण हो रहा है। जमीन के नीचे 2500 लीटर की क्षमता वाला डीजल टैंक बनाकर पंप चलाया जा रहा है।
बच्चों एवं स्कूल के लिए यह काफी खतरनाक स्थिति है। इस शिकायत पर सिसोदिया ने मुख्य सचिव को पत्र लिखकर डीएम, एसडीएम, फायर विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों से जांच कराने के निर्देश दिये। जिसके बाद वहां कार्रवाई की गई। अधिकारियों ने टैंक खाली करवावर उसमें रेत भर दिया।
ग्रेटर कैलाश के विधायक सौरभ भारद्वाज ने बताया कि 22 अप्रैल की रात नौ बजे उनके पास कई अभिभावकों के फोन आये, उन्होंने बताया कि स्कूल के बारे में मुख्य सचिव से जो शिकायत की गई थी, स्कूल प्रशासन द्वारा उसको दबाने की कोशिश हो रही है। सरकार को इस स्कूल के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।


Download Android App
Download iOS App



