नई दिल्ली : राज्यसभा सांसद विजय गोयल ने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल इधर दावा कर रहे हैं कि पांच साल हमने दिल्ली में बहुत विकास के काम किए। उधर उनके ही विधायकों ने दिल्ली के झूठे विकास की पोल अपनी ही सोशल मीडिया के फेसबुक और ट्विटर पर खोल दी है।
केजरीवाल ने कहा दिल्ली की सड़कों की हालत देखने के लिए हमारे सभी विधायक जाएंगे। विधायक जब सड़कें देखने गए तो उनकी हालत इतनी खराब थी कि उन्होंने अपनी सोशल मीडिया साइट्स पर इन सड़कों के गड्ढों को अपलोड कर दिया। बिना यह जाने कि उससे उनके मुख्यमंत्री के विकास के दावों की पोल खुल जाएगी।
गोयल ने कहा कि पांच साल तक जो सड़कें टूटी-फूटी गड्ढों वाली रहीं, अब चुनाव से दो महीने पहले वे सड़क कैसे ठीक हो जाएंगी ? केजरीवाल ने जो अभी सड़कों के गड्ढे भरने की बात कही, वही बात उन्होंने एक साल पहले 13 नवंबर, 2018 को भी की थी। लगता है विधायकों ने केजरीवाल के लिए गड्ढा खोद दिया है। जनता विधायकों की सोशल मीडिया साइट्स पर जाए और देखें दिल्ली का क्या हाल है।


Download Android App
Download iOS App



